PCS J Result : चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी पर भी लटकी तलवार, कुछ अभ्यर्थी हो सकते हैं मेरिट से बाहर
आयोग ने पीसीएस जे परीक्षा-2022 के तहत मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर 302 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया था। जब परिणाम जारी हुआ तो आयोग के बाहर किसी को भी नहीं पता था कि मुख्य परीक्षा में कितनी बड़ी गड़बड़ी हुई है।
विस्तार
पीसीएस जे मुख्य परीक्षा-2022 में कॉपियों की अदला-बदली के कारण इस परीक्षा के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी पर भी तलवार लटक रही है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने मुख्य परीक्षा का संशोधित परिणाम तो जारी कर दिया है लेकिन अभ्यर्थियों को अंतिम चयन परिणाम का इंतजार है।
आयोग ने पीसीएस जे परीक्षा-2022 के तहत मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर 302 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया था। जब परिणाम जारी हुआ तो आयोग के बाहर किसी को भी नहीं पता था कि मुख्य परीक्षा में कितनी बड़ी गड़बड़ी हुई है। मामला सामने आने के बाद आयोग ने अब पांच नए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया है।
आयोग के सूत्रों के अनुसार जो अभ्यर्थी इंटरव्यू दे चुके हैं, उनके परिणाम भी प्रभावित हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि जिन अभ्यर्थियों की कॉपियां बदलीं थीं, उनमें से कुछ अभ्यर्थियों को वास्तविक कॉपियों में कम अंक मिले थे। कॉपी बदलने से उनके खाते में दूसरे अभ्यर्थियों के अधिक नंबर जुड़ गए और उन्हें इंटरव्यू के लिए सफल घोषित कर दिया गया। उनमें से कुछ का चयन भी हो गया।
वहीं, इंटरव्यू में शामिल कुछ अन्य अभ्यर्थी अंतिम चयन परिणाम में बहुत ही मामूली अंकों से ऐसे अभ्यर्थियों से पीछे रह गए, जिन्हें कॉपी बदलने का फायदा मिला। ऐसे में अंतिम चयन परिणाम संशोधित होने पर पूर्व में चयनित कुछ अभ्यर्थियों का चयन निरस्त किया जा सकता है और कुछ नए अभ्यर्थी चयनित हो सकते हैं। हालांकि, यह अंतिम चयन परिणाम जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कॉपियां बदलने के कारण कितने अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।
अंग्रेजी भाषा की बदली थीं कॉपियां, 100 अंकों का था पेपर
अंग्रेजी भाषा के प्रश्नपत्र के एक बंडल की अंकतालिका के एक पृष्ठ (जिस पर संबंधित विषय के 25 अभ्यर्थियों के अंकों का विवरण होता है) पर चस्पा किए जाने वाले अभ्यर्थीवार कोड (मास्टर फेक) लापरवाही के कारण उसी अंकतालिका के दूसरे पृष्ठ (जिस पर संबंधित विषय के 25 अभ्यर्थियों के अंकों का विवरण होता है) पर और दूसरे पृष्ठ के अभ्यर्थीवार कोड (मास्टर फेक) पहले पृष्ठ पर चस्पा हो गए थे। इससे संबंधित अभ्यर्थियों के अंग्रेजी भाषा की उत्तर पुस्तिकाओं के अंक परस्पर आपस में बदल गए और अंग्रेजी भाषा के प्राप्तांक त्रुटिपूर्ण हो गए। मुख्य परीक्षा में कुल छह प्रश्नपत्र थे, जिसमें चार प्रश्न पत्र 200-200 अंकों और दो प्रश्नपत्र 100-100 अंकों के थे। कुल पूर्णांक 1000 अंकों का था। जिस विषय में गड़बड़ी हुई, वह 100 अंकों का था।
मामले में तीन अफसरों को किया जा चुका निलंबित
कॉपियां बदले जाने के मामले में आयोग अपने तीन अफसरों को निलंबित कर चुका है। इनमें अनुभाग अधिकारी शिवशंकर, समीक्षा अधिकारी नीलम शुक्ला और सहायक समीक्षा अधिकारी भगवती देवी शामिल हैं। वहीं, उप सचिव एवं पर्यवेक्षणीय अधिकारी रहे सतीश चंद्र मिश्र और सेवानिवृत्त हो चुकी सहायक समीक्षा अधिकारी चंद्रकला के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है।
44 फीसदी अभ्यर्थियों ने देखीं कॉपियां
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस जे मुख्य परीक्षा-2022 की कॉपियां देखने के लिए परीक्षा में शामिल 3019 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया था। 20 जून से 30 जुलाई तक 1343 परीक्षार्थी (44.48 फीसदी) ने अपनी कॉपियां देखने के लिए आयोग पहुंचे और इनमें से कई ने कॉपियां देखने के बाद अपनी आपत्तियां भी दर्ज कराईं। जिनके निस्तारण के बाद आयोग मुख्य परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया। अभ्यर्थियों को कॉपियां देखने के लिए अधिकतम 30 मिनट का समय दिया गया। कुल छह विषयों की कॉपियां दिखाई जानी थी। ऐसे में अभ्यर्थियों को एक विषय की कॉपी देखने के लिए पांच मिनट का समय मिला।