PCS J Result : शिशिर यादव ने पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता, सोशल मीडिया पर रहते हैं काफी सक्रिय
Shishir Yadav Interview : शिशिर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 में बीएएलएलबी और वर्ष 2022 में एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई महर्षि विद्या मंदिर नैनी से पूरी की। अमर उजाला से बातचीत में शिशिर ने बताया कि कोविड काल के दौरान जब लॉकडाउन था, उस वक्त उनका पूरा समय पीसीएस जे परीक्षा की तैयारी में बीता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीसीएस जे परीक्षा-2022 की मेरिट में दूसरे स्थान पर रहे नैनी प्रयागराज के शिशिर यादव ने कोविडकाल के दौरान पीसीएस जे परीक्षा के लिए तैयारी शुरू की और इसका फायदा उन्हें अब मिला। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय शिशिर ने पहले ही प्रयास में उत्तर प्रदेश की पीसीएस जे परीक्षा में सफलता हासिल की।
शिशिर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 में बीएएलएलबी और वर्ष 2022 में एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई महर्षि विद्या मंदिर नैनी से पूरी की। अमर उजाला से बातचीत में शिशिर ने बताया कि कोविड काल के दौरान जब लॉकडाउन था, उस वक्त उनका पूरा समय पीसीएस जे परीक्षा की तैयारी में बीता।
सोशल मीडिया पर सक्रियता से तैयारी करने में मिली सफलता
लॉकडाउन खुलने के बाद अन्य राज्यों की पीसीएस जे परीक्षा में शामिल हुए, जिससे तैयारी को और बेहतर दिशा मिली। यूपी की पीसीएस जे परीक्षा में पहली बार शामिल हुए और सफलता मिल गई। शिशिर ने बताया कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के कारण समसमायिकी की तैयारी में काफी मदद मिली। खाली समय में घर में टीवी शो देखते हैं। उन्हें क्रिकेट और फुटबाल खेलना भी पसंद है।
शिशिर का कहना है कि छात्र जीवन में खेलकूद और मनोरंजन में खूब समय देना चाहिए, लेकिन अंतिम के एक-दो वर्षों को गंभीरता से लेना चाहिए। यही वक्त होता है, जब तैयारी में पूरा जोर लगा देने की जरूरत होती है। बेहतर तैयारी करनी है तो विधि की पढ़ाई के दौरान ही सब्जेक्ट पूरी तरह से पढ़ लें और परीक्षा के सिलेबस पर ध्यान केंद्रित करें।
शिशिर के चयन सूचना पर परिवार में छाई खुशी, बधाई देने के लिए मोहल्ले वालों का लगा तांता
बुधवार को पीसीएस जे का परिणाम घोषित किया गया। इसमें नैनी न्यू मानस नगर निवासी शिशिर यादव दूसरे स्थान पर रहे। उनकी इस सफलता की सूचना पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। घर पहुंचकर मोहल्ले वालों द्वारा बधाई देने का क्रम देर शाम तक चलता रहा। परिचितों व रिश्तेदारों ने शिशिर की सफलता पर फोन पर परिवार वालों को बधाई दी।
मूलरूप से जौनपुर के रहने वाले शिशिर के पिता कृपाशंकर यादव वर्ष 2004 से नैनी के न्यू मानस नगर में परिवार के साथ रह रहे हैं। वह हाईकोर्ट में सरकारी अधिवक्ता हैं। शिशिर की मां शकुंतला देवी हाउस वाइफ होने के साथ लॉ ग्रेजुएट हैं। छोटा भाई समीर इलाहाबाद विश्व विद्यालय से एलएलएम कर रहा है। परिवार को इसी वर्ष दो खुशियां मिली हैं।
पहली खुशी कृपाशंकर यादव का सरकारी वकील के रूप से चयन व दूसरी खुशी शिशिर का पीजीएस जे में दूसरा स्थान पाना। शिशिर की प्रारंभिक शिक्षा नैनी के महर्षि विद्या मंदिर व बेथनी कॉवेंट स्कूल से हुई है। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विवि से बीए एलएलबी व एलएलएम किया। वह नेट जेआरएफ भी क्वालीफाई हैं। वर्तमान में वह लखनऊ विश्वविद्यालय से रिसर्च कर रहे हैं। शिशिर को खेल के साथ पेंटिंग बनाने का शौक है। उनकी मां ने बताया कि वह काफी अच्छी पेंटिंग कर लेता है।