NCR Railway : स्लीपर कोच में घट रहे यात्री, बढ़ रही है एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या
वित्तीय वर्ष 2022-23 के अप्रैल से अक्तूबर माह की तुलना वर्तमान वित्तीय वर्ष से की जाए तो प्रयागराज, आगरा एवं झांसी मंडल की तमाम ट्रेनों में एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है।
विस्तार
ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। आंकड़े इस बात की तस्दीक कर रहे हैं। उत्तर मध्य रेलवे जोन के प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल की बात करें तो इस वित्तीय वर्ष के शुरुआती सात माह में एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में तकरीबन 6.44 लाख का इजाफा हुआ है। वहीं, स्लीपर कोच में सफर करने वाले 7.88 लाख मुसाफिर घटे हैं।
वित्तीय वर्ष 2022-23 के अप्रैल से अक्तूबर माह की तुलना वर्तमान वित्तीय वर्ष से की जाए तो प्रयागराज, आगरा एवं झांसी मंडल की तमाम ट्रेनों में एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष इस अवधि में 26.81 लाख मुसाफिरों ने एसी कोच में सफर किया, जबकि इस वित्तीय वर्ष की उक्त अवधि में यह आंकड़ा 33.25 लाख पहुंच गया।
मुसाफिरों की संख्या में 6.44 लाख का इजाफा हुआ। वहीं नॉन एसी कोच में सफर करने वाले यात्री इस अवधि में घटे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष जहां 58.11 लाख ने स्लीपर कोच में अप्रैल से अक्तूबर की अवधि में सफर किया तो वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा 50.22 लाख ने ही सफर किया। इस अवधि में 7.88 लाख मुसाफिर घटे।
रेलवे की आय में भी दोगुना इजाफा
0 एसी कोच में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही रेलवे की कमाई में भी बढ़ाेतरी हो रही है। पिछले वित्तीय वर्ष में एसी में सफर करने वाले यात्रियों के किराये से एनसीआर को 275 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि इस अवधि में नॉन एसी क्लास में सफर करने वालों से 176 करोड़ रुपये की ही आय रेलवे को हुई। वर्तमान वित्तीय वर्ष की बात करें तो एसी कोच में सफर करने वालों से रेलवे के खाते में 342 करोड़ रुपये आए, जबकि नॉन एसी क्लास से महज 167 करोड़ रुपये की ही आय हुई।
इस वित्तीय वर्ष बन सकता है कीर्तिमान
एनसीआर जोन में इस वित्तीय वर्ष एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या का कीर्तिमान बन सकता है। यहां वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 49.45 लाख यात्रियों ने एसी कोच में सफर किया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अक्तूबर 23 तक 33.25 लाख यात्री एसी कोच में सफर कर चुके हैं। यानी, हर माह औसतन 4.75 लाख यात्रियों ने सफर किया। वर्तमान वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अभी पांच माह का समय है। इस हिसाब से अगले पांच माह में एसी कोच में 22 लाख से ज्यादा यात्रियों के सफर करने का अनुमान है।
यात्रियों की मांग को देखते हुए ट्रेनों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अधिकतर यात्री एसी में सफर करना चाहते हैं। इसी वजह से अब देश में एसी कोच वाली ट्रेनें भी लगातार बढ़ रही हैं। स्लीपर कोच बिना हटाए तमाम ट्रेनों में एसी कोच बढ़ाए गए हैं। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर