प्रयागराज। प्रयागराज से गोरखपुर के लिए शुरू हुई सीधी फ्लाइट की शुरुआत भले ही हो गई हो, लेकिन प्लेन में यात्रियों की संख्या उत्साहजनक नहीं है। पहले दिन जहां प्रयागराज से गोरखपुर और गोरखपुर से प्रयागराज के बीच 50 यात्रियों ने सफर किया, वहीं दूसरे दिन भी यह संख्या महज 53 तक ही पहुंची। यात्रियों की कम संख्या से एयरपोर्ट के साथ ही विमानन कंपनी इंडिगो के अफसर भी हैरान हैं। यात्रियों की कम संख्या की वजह से अगले एक सप्ताह तक इंडिगो ने प्रयागराज से गोरखपुर और गोरखपुर से प्रयागराज का न्यूनतम किराया 999 रुपये ही कर दिया है।
निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने 78 सीट वाला एटीआर श्रेणी के विमान का संचालन प्रयागराज से गोरखपुर केे बीच दस जनवरी से ही शुरू किया है। यह पहला मौका है कि प्रयागराज से किसी शहर के लिए फ्लाइट शुरू होने के बाद इतनी कम संख्या में यात्री मिले। इसके पूर्व इंडिगो ने प्रयागराज से बंगलूरू, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली एवं रायपुर की भी सीधी हवाई सेवा शुरू की हैं। इन सभी शहरों के पहले एवं दूसरे सफर पर यात्रियों की संख्या का आंकड़ा दोनों ओर से 50 फीसदी से ज्यादा ही रहा। मुंबई, बंगलूरू और दिल्ली की फ्लाइट तो 80 फीसदी से ज्यादा भरी रही। इस बीच शनिवार को कोलकाता और मुंबई से आने वाली फ्लाइट घंटे भर लेट रही। इससे यात्रियों को असुविधा हुई।