Naini Jail : जेल में माफिया की सुरक्षा को लेकर अफसरों ने की मंत्रणा, सीसीटीवी कैमरे से हो रही निगरानी
माफिया अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ को नैनी केंद्रीय कारागार में रखने को लेकर 24 घंटे के दौरान अफसरों ने कई दौर में रणनीतिक बैठकें कीं। जेल मुख्यालय से भेजे गए डीआईजी जेल एके सिंह के नेतृत्व में अफसरों ने दोनों भाइयों की बैरकों की सुरक्षा पर मंथन किया।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ को नैनी केंद्रीय कारागार में रखने को लेकर 24 घंटे के दौरान अफसरों ने कई दौर में रणनीतिक बैठकें कीं। जेल मुख्यालय से भेजे गए डीआईजी जेल एके सिंह के नेतृत्व में अफसरों ने दोनों भाइयों की बैरकों की सुरक्षा पर मंथन किया। फाइनल खाका खींचने के लिए जेल मुख्यालय के अधिकारी भी ऑनलाइन इस मीटिंग में शामिल हुए। साथ ही जेल की व्यवस्था में किसी तरह को कोई समस्या न हो इसे भी लेकर आपस में मंत्रणा की गई।
अधिकारियों ने माफिया अतीक अहमद उसके बेटे अली अहमद व भाई अशरफ को रखे जाने वाली बैरकों को निरीक्षण की साथ ही वहां की व्यवस्था को देखा। बताया जा रहा है कि तीनों को जिस बैरक में रखा गया है वहां की जेल मुख्यालय सीसीटीवी कैमरे से निगरानी कर रहा है। जेलर, डिप्टी जेलर भी इन बैठकों में शामिल रहे।
जेल गेट पर जुटी रही भीड़, काफिला पहुंचने पर हुई नारेबाजी
माफिया अतीक व उसके भाई अशरफ के नैनी जेल पहुंचने की सूचना पर बड़़ी संख्या में लोग जेल गेट पर डटे रहे। दोनों की गाड़ियों के पहुंचने पर कई समर्थकों ने नारेबाजी की। जेल गेट के सामने खरकौनी मार्ग पर शाम साढ़े चार बजे से साढ़े सात बजे तक लोगों का हुजूूम खड़ा रहा। इसे देखकर हर आने जाने वाले वहां जुटी भीड़ का कारण पूछता तो वहां मौजूद लोग बताते कि भाई जेल आ रहा है। गेट से भीड़ अंदर न जाए इसे लेकर बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस कर्मी रस्सी बांधकर रास्ते को रोके हुए थे। पुलिस वैन के अंदर पहुंचते ही रास्ते को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया।
पहली बार जेल में एक साथ रहेंगे अतीक व अशरफ
केंद्रीय कारागार नैनी के साथ ही प्रदेश की आठ जेलों में भले ही माफिया अतीक व अशरफ की अपनी हुकूमत चलती हो। कई बाद दोनों भाई केंद्रीय कारागार में रहे, लेकिन दोनों भाई कभी भी नैनी जेल में एक साथ नहीं रहे। माफिया अतीक अहमद व अशरफ नैनी जेल में कई बार आए और पूरे रुआब के साथ यहां पर रहे। दोनों भाई अपनी मनमाफिक यहां पर रहा करते थे। लेकिन भी यहां पर यह दोनों भाई एक साथ नहींं रहे। यह पहली बार है कि केंद्रीय कारागार नैनी में माफिया अतीक अहमद उसका भाई अशरफ व बेटा अली अहमद एक साथ है। लेकिन जेल प्रशासन उन्हें अलग-अलग बैरकों में शिफ्ट कर दिया है। जेल के अंदर उनकी मुलाकात न हो, इसकी पूरी योजना तैयार की गई है।