Prayagraj : हत्या के खुलासे में अब मोबाइल ही पुलिस की आखिरी आस, छठवें दिन भी नहीं मिला कातिल का सुराग
घटना के बाद से मृतका का मोबाइल फोन गायब है। सीडीआर से पता चला है कि उसका मोबाइल 10.16 मिनट पर बंद हो गया था। जबकि सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि 10.24 मिनट पर झूंसी निवासी महिला अपने बेटे व मुजावर के साथ मजार की तरफ गई और फिर अगले ही पल वह तेज कदमों से बाहर आ गए।
विस्तार
प्रयागराज। कंपनी बाग में बेरहमी से मौत के घाट उतारी गई इरम सिद्दीकी (32) की हत्या पहेली बनकर रह गई है। 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ करने वाली पुलिस छठवें दिन भी खाली हाथ रही। ऐसे में अब इस हत्याकांड के खुलासे के लिए मृतका का मोबाइल ही पुलिस के लिए आखिरी आस है। पुलिस का सिरदर्द यह है कि अब तक यह मोबाइल भी बरामद नहीं किया जा सका है।
दरअसल घटना के बाद से मृतका का मोबाइल फोन गायब है। सीडीआर से पता चला है कि उसका मोबाइल 10.16 मिनट पर बंद हो गया था। जबकि सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि 10.24 मिनट पर झूंसी निवासी महिला अपने बेटे व मुजावर के साथ मजार की तरफ गई और फिर अगले ही पल वह तेज कदमों से बाहर आ गए। ऐसे में साफ है कि हत्यारे ही मृतका का मोबाइल ले गया और उसने ही इसे बंद किया।
फिलहाल पुलिस मोबाइल की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि मालवीय नगर निवासी इरम सिद्दीकी की हत्या 13 मई को दिनदहाड़े सिर कूंचकर कर दी गई थी। वह अपने चार साल के बेटे को ठीक सामने स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में छोड़कर आई थी और कुछ ही देर में उसे बेटे को लेकर वापस जाना था।
सक्रिय नंबरों की जुटाई जा रही जानकारी
उधर सीडीआर का विश्लेषण करने के साथ ही पुलिस उन नंबरों का भी ब्यौरा जुटा रही है जो घटना के समय कंपनी गार्डेन में सक्रिय थे। हालांकि इतने नंबरों में से संदिग्ध का नंबर निकालना बेहद कठिन काम है लेकिन कर्नलगंज पुलिस केस के खुलासे के लिए हर कोशिश कर रही है।