North Tech Symposium : ड्रोन से लेकर तोप और बंकर तक, नार्थ टेक सिंपोजियम के आखिरी दिन दिखी सैन्य ताकत
नार्थ टेक सिंपोजियम के अंतिम दिन रक्षा क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीकों का व्यापक प्रदर्शन हुआ, जिसमें ड्रोन, आर्टिलरी गन, सर्विलांस सिस्टम, बुलेटप्रूफ बंकर और विशेष सैन्य उपकरणों ने आकर्षण का केंद्र बनाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नार्थ टेक सिंपोजियम के अंतिम दिन रक्षा क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीकों का व्यापक प्रदर्शन हुआ, जिसमें ड्रोन, आर्टिलरी गन, सर्विलांस सिस्टम, बुलेटप्रूफ बंकर और विशेष सैन्य उपकरणों ने आकर्षण का केंद्र बनाया। देश की प्रमुख कंपनियों ने अपने नवाचारों के जरिये आधुनिक युद्ध की बदलती जरूरतों और आत्मनिर्भर भारत की दिशा को मजबूती दी।
हैंड लॉन्च और हाइड्रोजन ड्रोन ने बढ़ाया रोमांच
बंगलुरु की कंपनी नेक्स्टलीप एरोनॉटिक्स ने अपने आई-स्टार हैंड-लॉन्च सर्विलांस ड्रोन और एच2डी250 हाइड्रोजन आधारित यूएवी का प्रदर्शन किया। आई-स्टार ड्रोन को हाथ से लॉन्च किया जा सकता है और यह ढाई घंटे तक उड़ान भरते हुए 25 किमी से अधिक क्षेत्र की निगरानी कर सकता है। इसमें 30एक्स ऑप्टिकल ज़ूम और मल्टी-सेंसर निगरानी क्षमता है, जिससे दिन-रात दोनों समय सटीक जानकारी जुटाई जा सकती है। वहीं एच2डी250 ड्रोन अपनी 10 घंटे से अधिक की उड़ान क्षमता, 100 किमी की रेंज और बेहद कम ध्वनि के साथ ‘स्टेल्थ’ ऑपरेशन के लिए खास माना जा रहा है। इसका वीटॉल सिस्टम इसे किसी भी स्थान से उड़ान भरने और उतरने में सक्षम बनाता है।
भारत फोर्ज कल्याणी ने दिखाई मारक क्षमता
पुणे स्थित भारत फोर्ज कल्याणी ने अपने अत्याधुनिक हथियार और ड्रोन सिस्टम प्रस्तुत किए। कंपनी का ओमेगा वन सर्विलांस ड्रोन 3 घंटे तक हवा में रहकर 60 किमी तक निगरानी कर सकता है और दिन-रात दोनों समय ऑपरेशन में सक्षम है। वहीं एटैग्स 155एमएम भारत की सबसे लंबी दूरी तक मार करने वाली बंदूकों में शामिल है, जिसकी रेंज करीब 40 किमी तक बताई गई। इसकी सटीकता पांच मीटर तक मानी जाती है, जो इसे आधुनिक युद्ध में बेहद प्रभावी बनाती है।
विशेष फैब्रिक और सैनिकों के लिए आरामदायक तकनीक
थर्माआईसेंस ने अपने थर्मोरेगुलेटेड फैब्रिक का प्रदर्शन किया, जो गर्म और आर्द्र क्षेत्रों से लेकर उच्च ऊंचाई वाले इलाकों तक में उपयोगी है। यह कपड़ा बैक्टीरिया, फंगस और वायरस से सुरक्षा देता है, पसीने को अवशोषित करता है और लंबे समय तक उपयोग के लिए अनुकूल है। इससे बने उत्पादों में टोपी, मोजे, बैलक्लावा, कंबल और मेडिकल गाउन शामिल हैं।
कठिन इलाकों के लिए दमदार एटीवी व्हीकल
बंगलुरु की धैश डिफेंस सिस्टम ने धैश 4×4 एटीवी पेश किया, जो बर्फ, पहाड़ और पानी में भी चलने में सक्षम है। 1000 किलोग्राम पेलोड क्षमता वाला यह वाहन 45 डिग्री तक की चढ़ाई कर सकता है और लेह-लद्दाख व जैसलमेर जैसे कठिन क्षेत्रों में टेस्ट किया जा चुका है।
बुलेटप्रूफ बंकर ने खींचा ध्यान
अहमदाबाद की कोरफोर्ज ने अपने बुलेटप्रूफ बंकर प्रस्तुत किए, जो लेवल-चार सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं। ये बंकर स्नाइपर राइफल तक के हमले झेलने में सक्षम हैं और तीन से नौ लोगों के लिए अलग-अलग आकार में उपलब्ध हैं। उरी और अरुणाचल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में इनकी तैनाती की जा चुकी है।