प्रयागराज : ट्रेनों में जगह नहीं, उड़ाने महंगी, अब बसों का ही सहारा, कई ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची 300 के पार
दिल्ली से प्रयागराज जंक्शन के लिए 09 से 12 नवंबर तक सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कुछ में नो रूम भी हो गया है। दिल्ली से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की बात करें तो उसके चेयरकार में 10 और 11 नवंबर को प्रतीक्षा सूची क्रमश: 269 एवं 334 पहुंच गई है। प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर में नौ को 190, 10 को 340, 11 नवंबर को प्रतीक्षा सूची 315 हो गई है।
विस्तार
दिवाली के पहले विभिन्न स्थानों से संगम नगरी आनेे वाली ट्रेनों मेें लंबी प्रतीक्षा ने यात्रियों को परेशान कर दिया है। दिल्ली रूट की ट्रेनों की स्थिति कुछ ज्यादा ही खराब है। इस रूट की कुछ ट्रेनों में नो रूम की भी स्थिति हो गई है। इस बीच प्रयागराज से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली विमानों का किराया भी काफी बढ़ गया है। सिर्फ दिल्ली की ही बात करें तो पर्व के पूर्व प्रयागराज आने वाली फ्लाइट का किराया 20 हजार से ज्यादा का हो गया है।
फिलहाल लोगों को राहत देने के लिए यूपी रोडवेज ने अतिरिक्त बसों को चलाने की तैयारी की है। बसें दिल्ली के आनंद विहार और गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से प्रयागराज के लिए संचालित होंगी। दिल्ली से प्रयागराज जंक्शन के लिए 09 से 12 नवंबर तक सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कुछ में नो रूम भी हो गया है। दिल्ली से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की बात करें तो उसके चेयरकार में 10 और 11 नवंबर को प्रतीक्षा सूची क्रमश: 269 एवं 334 पहुंच गई है। प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर में नौ को 190, 10 को 340, 11 नवंबर को प्रतीक्षा सूची 315 हो गई है।
उक्त अवधि में प्रयागराज के एसी थ्री में क्रमश: 144, 291 एवं 113 और एसी टू में नौ को 111, दस को नो रूम और 11 को प्रतीक्षा सूची 84 पर पहुंच गई है। नई दिल्ली से आने वाली पुरुषोत्तम के स्लीपर में क्रमश: 233, 392 एवं 364 एवं रीवा में आठ से 11 नवंबर तक नो रूम है। तकरीबन यही स्थिति दिल्ली हमसफर, शिवगंगा एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट, ब्रह्मपुत्र मेल आदि ट्रेनों की भी है।
ट्रेनों में जगह न मिल पाने की वजह से कुछ लोगों ने फ्लाइट से आने का कार्यक्रम बनाया, लेकिन पर्व के पहले दिल्ली से प्रयागराज आने वाली विमानन कंपनी इंडिगो का किराया 20 हजार रुपये से ज्यादा हो जाने की वजह से लोग पशोपेश में है कि वह फ्लाइट से प्रयागराज जाएं या नहीं। इसी तरह बंगलूरू, मुंबई से भी प्रयागराज का किराया 23 हजार से ज्यादा का हो चुका है।
दिल्ली रूट से प्रयागराज आने वाले लोगों की समस्या को देखत हुए यूपी रोडवेज ने दिल्ली के लिए अतिरिक्त बसों को चलाने की तैयारी की है। प्रयागराज परिक्षेत्र की इन बसों का संचालन आनंद विहार दिल्ली एवं कौशांबी गाजियाबाद से होगा। रोडवेज सात या आठ नवंबर से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू करेगा। बसों की समय सारिणी सोमवार को जारी की जा सकती है।