MAHAKUMBH : नो इंट्री ने ट्रांसपोर्टरों को झटका, हर रोज लग रही लाखों की चपत
शहर की सीमाओं पर खड़े ट्रकों की आवाजाही ठप होने से ट्रांसपोर्टर खासे निराश हैं। बीते करीब 20 दिन से ट्रकों के खड़े होने से जहां शहर में आने वाले तमाम तरह के गुड्स की सप्लाई पर असर पड़ा है, वहीं ट्रांसपोर्टरों को भी हर रोज लाखों की चपत लग रही है।
विस्तार
शहर की सीमाओं पर खड़े ट्रकों की आवाजाही ठप होने से ट्रांसपोर्टर खासे निराश हैं। बीते करीब 20 दिन से ट्रकों के खड़े होने से जहां शहर में आने वाले तमाम तरह के गुड्स की सप्लाई पर असर पड़ा है, वहीं ट्रांसपोर्टरों को भी हर रोज लाखों की चपत लग रही है। ट्रक से आने वाले माल की ढुलाई करने वाले दिहाड़ी मजदूरों के सामने भी रोजगार का संकट है।
25 जनवरी से ही शहर में मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद है। बीच में एक-दो दिन कुछ खाद्यान्न लदे एवं आवश्यक वस्तु वाले मालवाहकों की आवाजाही हुई। इस वजह से शहर की गल्ला मंडियों में भी अनाज की सप्लाई पर खासा असर पड़ा है। महाकुंभ के चलते मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सकते में हैं। ट्रांसपोर्ट नगर, मुट्ठीगंज आदि इलाकों की बात करें तो दिहाड़ी मजदूर इससे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
ट्रांसपोर्टर अनिल कुशवाहा ने कहा कि पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में तय हुआ था कि पर्व के दो दिन पहले और पर्व के दो दिन बाद ट्रांसपोर्ट को रास्ता दिया जाएगा, लेकिन ज्यादा संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं की वजह से मालवाहक वाहनों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। इससे प्रयागराज के ट्रांसपोर्ट कारोबार को हर रोज औसतन 50 लाख रुपये की चपत लग रही है।
ट्रांसपोर्टर अनिल चौरसिया के अनुसार, लाखों करोड़ों के माल के साथ पिछले कई दिन से ट्रक सड़क पर ही खड़े हैं। बाहर के ट्रांसपोर्टरों ने प्रयागराज की बुकिंग भी बंद कर रखी है। अनीस जायसवाल ने कहा कि थोक व्यापारी सीजन से एक माह पहले माल मंगवाते है। यहां माल आने के बाद गांव, कस्बों और तहसीलों के व्यापारी माल खरीदकर ले जाते हैं। पिछले कुछ दिन से माल की आवाजाही पूरी तरह से ठप है।
ट्रांसपोर्टर तुफैल अहमद, कुलदीप मिश्रा ने भी कहा कि अब मालवाहक वाहनों को छूट देनी चाहिए। उधर गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी का कहना है कि अब माघी पूर्णिमा का पर्व बीत गया है। ऐसे में उम्मीद है कि अब मालवाहक वाहनों को प्रशासन शहर में इंट्री की अनुमति दे सकता है।