प्रयागराज : उमेश पाल की हत्या में नया वीडियो आया सामने, 21 फरवरी को ही थी हत्या की प्लानिंग
उमेश की गाड़ी के पीछे सफेद रंग की वही क्रेटा कार नजर आती है, जिसका इस्तेमाल 24 फरवरी को किया गया। हालांकि क्रेटा से उतरकर कोई बाहर नहीं निकलता है और कुछ देर बाद यह धूमनगंज थाने की ओर आगे बढ़ जाती है। फुटेज में पुलिस की दो गाड़ियां भी जीटी रोड से गुजरती दिखाई देती है।
विस्तार
उमेश पाल हत्याकांड में एक अहम खुलासा हुआ है। पता चला है कि उसे तीन दिन पहले ही खत्म करने की प्लानिंग बनाई गई थी। वारदात से तीन दिन पहले यानी 21 फरवरी को भी हमलावर पीछा करते हुए उमेश के घर के पास पहुंचे थे। लेकिन अचानक उन्होंने अपना प्लान बदल दिया था। यह खुलासा उस दिन के सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। यह फुटेज बुधवार को सामने आया। 21 फरवरी का यह फुटेज शाम लगभग 5.30 बजे का है। इसमें उमेश अपनी गाड़ी से उतरकर घर के भीतर जाते दिखाई देता है।
खास बात यह है कि उमेश की गाड़ी के पीछे सफेद रंग की वही क्रेटा कार नजर आती है, जिसका इस्तेमाल 24 फरवरी को किया गया। हालांकि क्रेटा से उतरकर कोई बाहर नहीं निकलता है और कुछ देर बाद यह धूमनगंज थाने की ओर आगे बढ़ जाती है। फुटेज में पुलिस की दो गाड़ियां भी जीटी रोड से गुजरती दिखाई देती है। माना जा रहा है कि पुलिस की गाड़ियों को देख या हूटर सुनकर ही शूटरों ने अपना प्लान बदला और बिना वारदात किए वहां से चले गए।
गुड्डू मुस्लिम व अरमान भी नजर आए
वीडियो फुटेज देखने से पता चलता है कि 21 फरवरी को मौके पर गुड्डू मुस्लिम व अरमान भी मौजूद थे। दोनों लाल रंग की बाइक पर सवार थे और उमेश का पीछा करने वाली क्रेटा कार के ठीक पीछे चल रही ला रंग की बाइक पर सवार थे। फुटेज के मुताबिक, उमेश का पीछा कर रही क्रेटा के रुकते ही दोनों शूटर अपनी बाइक बगल में लगाकर वहीं खड़े हो जाते हैं। हालांकि कुछ देर बाद जैसे ही क्रेटा आगे बढ़ती है, वह दोनों भी बाइक से धूमनगंज की ओर निकल जाते हैं।
महज 13 सेकेंड में बदला था प्लान
सीसीटीवी फुटेज से इस बात का भी खुलासा हुआ है कि 21 फरवरी को शूटरों ने महज 13 सेकेंड के भीतर प्लान बदल दिया था। दरअसल इस दिन उमेश के घर के पास शूटर महज 13 सेकेंड ही रुके थे। 58 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज को देखने से पता चलता है कि उमेश का पीछा कर रही क्रेटा कार उसके घर से कुछ दूर पर रुक जाती है। इसी दौरान उमेश व उसका गनर गाड़ी से निकलकर घर के भीतर पहुंच जाते हैं। उधर क्रेटा कारसवार शूटर कुछ देर वहीं खड़े रहते हैं लेकिन ठीक 13 सेकेंड बाद यानी 5:28:18 सेकेंड पर उनकी गाड़ी आगे बढ़ जाती है। बता दें कि फुटेज की शुरुआत 5:28:05 सेकेंड पर होती है।