MLC Election : दस उम्मीदवारों के भाग्य पर लगेगी मुहर, एमएलसी चुनाव में प्रयागराज के 16803 शिक्षक करेंगे मतदान
इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए महीनों से तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के भाग्य पर सोमवार को मुहर लग जाएगी। प्रयागराज में 16803 शिक्षक मतदान करेंगे। मतगणना की प्रक्रिया झांसी में पूरी की जाएगी।
विस्तार
इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए महीनों से तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के भाग्य पर सोमवार को मुहर लग जाएगी। प्रयागराज में 16803 शिक्षक मतदान करेंगे। मतगणना की प्रक्रिया झांसी में पूरी की जाएगी। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स झांसी भेज दिए जाएंगे।
चुनाव मैदान में 10 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। प्रयागराज में 36 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 15 बूथ शहरी क्षेत्र और 21 बूथ ब्लॉकों में हैं। मतदान सुबह 10 से शाम चार बजे तक होगा। मतदान स्थल के 100 मीटर की परिधि में फोन, काॅर्डलेस फोन, वायरलेस आदि का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
एमएलसी चुनाव में मतदान करने के लिए शिक्षकों को सोमवार को आकस्मिक अवकाश मिलेगा। मतदाता सूची में शामिल शिक्षकों को ही आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। वैसे तो चुनाव में कुल 33 हजार से अधिक मतदाता हैं, लेकिन आधे से अधिक प्रयागराज के हैं। ऐसे में चुनाव में प्रयागराज के मतदाताओं की बड़ी भूमिका होगी।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रविवार को संगम सभागार से इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन-2023 के मतदान को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके मतदान केंद्रों पर रवाना किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन हर्ष देव पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ये हैं उम्मीदवार
बाबूलाल तिवारी (भाजपा), डॉ. एसपी सिंह पटेल (सपा), अशोक कुमार राठौर (निर्दलीय), इमरान अहमद (निर्दलीय), उपेंद्र कुमार वर्मा (निर्दलीय), जगदीश प्रसाद व्यास (निर्दलीय), डॉ. प्रेम चंद्र यादव (निर्दलीय), लालमणि द्विवेदी (निर्दलीय), सुरेश कुमार त्रिपाठी (निर्दलीय), डॉ. हरिओम बादल (निर्दलीय)।
पोलिंग बूथों पर पहुंचीं पार्टियां
इलाहाबाद-झांसी शिक्षक विधायक चुनाव सोमवार को होगा। पोलिंग पार्टियां रविवार शाम तक बूथों पर पहुंच गईं। चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना है। रविवार शाम को एसडीएम विनोद पांडेय और एसीपी विमल किशोर मिश्र ने पोलिंग बूथों का जायजा लिया। पोलिंग बूथों पर स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी के जवानों को मुस्तैद कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा जो सायं चार बजे तक चलेगा। एसडीएम मेजा ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के अनुसार बूथ बनाए गए थे। मेजा तहसील में तीन पोलिंग बूथ हैं। इनमें उरूवा ब्लॉक का पोलिंग बूथ लाला रामलाल अग्रवाल इंटर कॉलेज सिरसा में बनाया गया है। जहां पर 775 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मेजा ब्लॉक का पोलिंग बूथ खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बनाया गया है। यहां पर 400 मतदाता हैं। मांडा में मंगला प्रसाद इंटर कॉलेज बामपुर में बूथ बनाया गया है। यहां पर 376 शिक्षक मतदाता वोट करेंगे।
10 जोन, 36 सेक्टर में बांटा गया जनपद
इलाहाबाद-झांसी शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद को 10 जोन व 36 सेक्टर में बांटा गया है। जोन की निगरानी एसडीएम व एसीपी करेंगे तो सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मियों के साथ एसआई व इंस्पेक्टर तैनात होंगे। इसके अलावा हर सेक्टर में गश्त व त्वरित कार्रवाई के लिए एक-एक क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) भी तैनात की गई है।
सुरक्षा संबंधी तैयारियाें के संबंध में पुलिस अफसरों की ओर से रविवार को समीक्षा भी की गई। इससे पहले शनिवार को पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की गई। जिसमें उन्हें दिशा निर्देश दिए गए। अफसरों ने बताया कि चुनाव के मद्दनेजर कुल 10 जोन व 36 सेक्टर बनाए गए हैं। जोन में एसडीएम व एसीपी चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का पर्यवेक्षण करेंगे। इसी तरह सेक्टर में प्रशासनिक कर्मचारी या अफसर मजिस्ट्रेट व एसआई और इंस्पेक्टर तैनात किए जाएंगे। हर मतदान केंद्र पर पुलिसकर्मियों के अलावा प्रत्येक सेक्टर में आधा-आधा सेक्शन पीएसी तैनात रहेगी। मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा।
सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव के दौरान कुल 36 क्यूआरटी टीमें लगातार अलग-अलग सेक्टरों में गश्त करेंगी। - सतीश चंद्र, एडीसीपी अपराध व नोडल अफसर, चुनाव
16 हजार से अधिक मतदाता देंगे वोट
शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए प्रयागराज में 16 हजार से अधिक मतदाता वोट करेंगे। शहरी क्षेत्र में कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं 21 ब्लॉक में भी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना की प्रक्रिया झांसी में पूरी की जाएगी। ऐसे में मतदान के बाद बैलेट बॉक्स झांसी भेज दिए जाएंगे। मतदान स्थल के 100 मीटर की परिधि में कार्डलेस फोन, वायरलेस आदि का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।