प्रयागराज : माफिया अतीक के इलाके में होंडा सिटी में भरकर बकरा उठा ले गए बदमाश, मुकदमा दर्ज
चोरी की घटनाएं तो आए दिन होती रहती हैं, लेकिन महंगी कार से बकरा चोरी की घटना लोगों के गले नहीं उतर रही है। अतीक अहमद के इलाके कसारी मसासी में होंडा सिटी कार से बकरा चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है।
विस्तार
धूमनगंज के कसारी मसारी में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां होंडा सिटी कार से आए तीन बदमाश पालतू बकरा चुरा ले गए। मालिक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर लिया है। यइ इलाका माफिया अतीक अहमद का माना जाता है। अतीक की हत्या के बाद इस मोहल्ले में काफी दिनों तक फोर्स तैनात की गई थी। स्थित सामान्य होने के साथ ही चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं।
मंसूर अहमद कसारी मसारी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे के करीब उनका पालतू बकरा घर के बाहर ही बैठा था। घर के सभी लोग भीतर अपने काम में जुटे थे। तभी वहां होंडा सिटी कार से तीन लोग आए। उन्होंने खाने का कुछ सामान फेंका तो बकरा कार के पास चला गया।
इसी दौरान तेजी से दरवाजा खोलकर उन्होंने बकरे को भीतर खींच लिया और कार लेकर भागने लगे। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने पकड़ने की कोशिश की तो बहुत तेज गति से कार दौड़ाकर बदमाश बकरे समेत भाग निकले। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एसीपी धूमनगंज वरुण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से कार को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।