महंत नरेंद्र गिरि : सीबीआई ने छह सितंबर की एफआईआर को जांच में किया शामिल
महंत नरेंद्र गिरि ने लिखाई थी रिपोर्ट ‘किसी ने ट्विटर का फर्जी एकाउंट बनाया’ था। पुलिस ने नहीं की थी कोई कार्रवाई, अब सीबीआई पता लगाएगी किसने बनाया था एकाउंट।
विस्तार
महंत नरेंद्र गिरी खुदकुशी कांड में जुटी सीबीआई को प्रारंभिक जांच के बाद गहरी साजिश के संकेत मिले हैं। नरेंद्र गिरि के नाम से कुछ समय पहले एक फर्जी ट्विटर एकाउंट बनाया गया था। घटना से दो हफ्ते पहले उन्होंने दारागंज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब सीबीआई ने उस एफआईआर को भी जांच में शामिल कर लिया है। सीबीआई को आशंका है कि ट्विटर का फर्जी एकाउंट भी गहरी साजिश एक हिस्सा था।
सीबीआई की प्रारंभिक जांच के बाद इस बात का संकेत मिला है कि महंत नरेंद्र गिरि के खिलाफ गहरी साजिश रची गई थी। उन्हें अलग अलग मुद्दों पर लगातार घेरा जा रहा था। उनके नाम से ट्विटर का फर्जी भी साजिश का हिस्सा हो सकता है। दरअसल नरेंद्र गिरि के नाम से बने ट्विटर एकाउंट से एक के बाद एक कई ट्वीट किए गए। इसमें कुछ स्थानीय तो कुछ राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों के ट्वीट किए गए थे। इस बात की सूचना जब नरेंद्र गिरि को हुई तो उन्होंने छह सितंबर को दारागंज थाने में तहरीर दी कि वह इंटरनेट नहीं चलाते हैं।
किसी व्यक्ति ने उनके नाम का प्रयोग कर ट्विटर एकाउंट बना लिया है। इस एकाउंट से उनका कोई लेना देना नहीं है। उनकी तहरीर पर दारागंज थाने में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। हालांकि इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बीच नरेंद्र गिरि को किसी ने हरिद्वार से बताया था कि आनंद गिरि ने किसी महिला के साथ उनकी फोटो एडिट कर वीडियो बना लिया है।
उन्होंने सुसाइड नोट में भी लिखा है कि ‘मैं 13 सितंबर को ही खुदकुशी करने वाला था लेकिन उस दिन हिम्म्मत नहीं पड़ी’। इसके बाद संभवत: उन्हें वीडियो के बारे में फिर बताया गया कि आनंद गिरि एक दो दिन में वीडियो वायरल कर देगा। 20 सिंतबर को महंत ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
सीबीआई अब कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है। ट्विटर पर फर्जी एकाउंट खोलने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है। इस समय नरेंद्र गिरि के कॉल डीटेल्स से इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि उन्हें वीडियो के बारे में जानकारी देने वाला हरिद्वार का वह शख्स कौन है। केस की गुत्थी खोलने में हरिद्वार का रहस्यमय शख्स महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है।
महंत के फर्जी ट्विटर एकाउंट में 292 फालोअर्स
महंत नरेंद्र गिरि के फर्जी ट्विटर एकाउंट में 292 फालोअर्स थे। जिस व्यक्ति ने महंत के नाम से एकाउंट बनाया था, उसने जो भी ट्वीट किए थे, सभी साधु समाज, हिंदू समाज और राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों के लेकर थे। एकाउंट बनाने वाले ने चार लोगों को फॉलो किया था।