{"_id":"678302be2002772f6402958e","slug":"mahakumbh-2025-hi-tech-arrangements-to-prevent-accidents-at-50-bathing-ghats-including-sangam-2025-01-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mahakumbh 2025 : संगम समेत 50 स्नानघाटों पर हादसे रोकने के लिए हाईटेक इंतजाम, 330 डीप डाइवर तैनात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahakumbh 2025 : संगम समेत 50 स्नानघाटों पर हादसे रोकने के लिए हाईटेक इंतजाम, 330 डीप डाइवर तैनात
Sun, 12 Jan 2025 05:16 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 12 Jan 2025 05:16 AM IST
सार
डीप डाइवर्स स्नान के दौरान किसी भी हादसे की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे। साथ ही 11 एफआरपी, चार एनाकोंडा बोट के अलावा चार वाटर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं।
विज्ञापन
महाकुंभ नगर में पहुंचे कल्पवासी।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
महाकुंभ में स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए शनिवार से ही संगम समेत 50 स्नान घाटों पर 330 डीप डाइवर्स की तैनाती कर दी गई। यह स्नान के दौरान किसी भी हादसे की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे। साथ ही 11 एफआरपी, चार एनाकोंडा बोट के अलावा चार वाटर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं।
विज्ञापन
पर्व के दो दिन पहले शनिवार को ही जल पुलिस की ओर से बनाई गई जल यातायात व सुरक्षा योजना लागू कर दी गई। संगम से लेकर अन्य सभी स्नान घाटों पर डीप डाइवर्स तैनात किए गए हैं। इनमें से 130 पुलिस व अन्य फोर्स, जबकि 200 प्राइवेट गोताखोर हैं। यह बिना ऑक्सीजन सिलिंडर के नदी में गहराई तक जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में सक्षम हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ साथ ही पीएसी बाढ़ राहत दल की 10 कंपनियों के करीब 3800 जवान ड्यूटी के लिए बुलाए गए हैं। यह शनिवार से अलग-अलग घाटों पर शिफ्टवार 24 घंटे ड्यूटी देंगे। एसएसपी ने बताया कि जल यातायात योजना लागू कर दी गई है। जल में स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए पुख्त प्रबंध किए गए हैं।
विज्ञापन
संगम स्टेशन पर आज से प्रवेश पर पाबंदी
महाकुंभ के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा को लेकर शहर के रेलवे स्टेशनों पर रविवार से ही कई तरह की पाबंदियां लग जाएंगी। दारागंज स्थित प्रयागराज संगम स्टेशन पर 12 से 15 जनवरी तक यात्रियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यहां से चलने वाली ट्रेनों में बैठने के लिए प्रयाग स्टेशन जाना होगा। इसके अलावा प्रयागराज जंक्शन पर भी सिर्फ सिटी साइड से इंट्री दी जाएगी।
विज्ञापन
आज से पांच दिनाें तक वाहनों के प्रवेश पर रोक : वहीं, मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर अगले पांच दिनाें तक रोक रहेगी। रविवार रात आठ बजे से यह व्यवस्था लागू होगी और 15 जनवरी की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
7000 बसें सभी जिलों से चलेंगी संगम स्नान कराने के लिए
सीएम योगी ने प्रदेश वासियों को संगम स्नान के लिए सभी जिलों से बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। वह शनिवार को उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ तैयारी की समीक्षा कर रहे थे। सीएम ने कहा कि इन बसों का संचालन पूरे महाकुंभ यानी 26 फरवरी तक किया जाए। इस दौरान सभी जिलों से प्रयागराज के लिए 7000 बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है।
स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन का नया नाम कमला
अमेरिका के अरबपति कारोबारी स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स महाकुंभ में कल्पवास के लिए पहुंच गई हैं। उनके गुरु निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ने उनको कमला नया नाम दिया है। कमला पौष पूर्णिमा पर प्रथम डुबकी के साथ कल्पवास आरंभ करेंगी। लॉरेन पॉवेल जॉब्स सेक्टर-18 में कैलाशानंद के शिविर में रहकर सनातन परंपरा के कठिन अनुशासन के तौर पर कल्पवास करेंगी। महाकुंभ के दौरान वह सादगी भरा जीवन बिताते हुए संगम की रेती पर जहां सनातन की संस्कृति से परिचित होंगी, वहीं आध्यात्मिक ज्ञान भी प्राप्त करेंगी।
नीदरलैंड से आए पीटर व अल्बर्ट को भायी संगम नगरी
संगम की रेती पर अखाड़ों की बसावट हो गई है। इसके साथ साधु-संत भी जप-तप करने पहुंच गए हैं। मेला क्षेत्र में लगी दुधिया लाइटें इस कदर रोशनी बिखेर रही है मानों तारे जमीन पर उतर आए हों। इन्हीं आभा मंगल को देखने नीदरलैंड से पीटर और अल्बर्ट संगम पहुंचे। उन्होंने भारतीय भोजन और मेले की सुरक्षा व्यवस्था को खूब सराहा। उन्हें साधु-संतों की झोपड़ी और उनके रहन-सहन बहुत अच्छा लगा। इतनी सर्दी में नागा साधु बिना कपड़े के रहते हैं, यह बहुत अद्भुत है। वहीं, अल्बर्ट ने कहा, मेले में 45 करोड़ लोग आएंगे, इस बात पर भरोसा नहीं होता है।