Prayagraj Magh Mela : पांच दिन बाद पौष पूर्णिमा से होगा माघ मेले का आगाज, तैयारियां अंतिम चरण में
डीएम संजय कुमार खत्री, मेलाधिकारी अरविंद चौहान के साथ मेला क्षेत्र पहुंचे मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सेक्टरवाइज तैयारियों को परखा। उन्होंने त्रिवेणी मार्ग पर पांटून पुल को भी देखा और बिजली, पेयजल के इंतजामों की भी जानकारी ली।
विस्तार
पांच दिन बाद पौष पूर्णिमा स्नान के साथ ही माघ मेला आरंभ हो जाएगा। तीन जनवरी से कल्पवासी आने लगेंगे, लेकिन अभी तक सिर्फ 30 फीसदी ही शिविर लग सके हैं। अधिकतर सेक्टरों में अभी सुविधाएं नहीं पहुंच सकी हैं। बिजली, पेयजल और प्रसाधन की तैयारियों की सुस्त रफ्तार परेशान का सबब बन सकती है। इससे पहले शनिवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने मेला क्षेत्र में तैयारियों का जायजा लिया और साधु-संतों से मिलकर हाल जाना।
डीएम संजय कुमार खत्री, मेलाधिकारी अरविंद चौहान के साथ मेला क्षेत्र पहुंचे मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सेक्टरवाइज तैयारियों को परखा। उन्होंने त्रिवेणी मार्ग पर पांटून पुल को भी देखा और बिजली, पेयजल के इंतजामों की भी जानकारी ली। माघ मेला काउंटर से जारी सुविधाओं के बारे में भी उन्होंने पूछा। संगम नोज जाकर उन्होंने वहां की सफाई व्यवस्था का हाल देखा। साथ ही वहां बनाए गए शौचालयों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी शौचालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उन्हें शीघ्र चालू करने के निर्देश भी दिए।
साधु-संतों को दी गई सुविधाएं उन तक पहुंच गई हैं या नहीं, यह जानने के लिए मंडलायुक्त प्रमुख संतों के शिविरों में भी पहुंचे। खाक चौक में हिटलर बाबा, गोपाल दास बाबा के अलावा कई संतों से मिलकर उन्होंने सुविधाओं के साथ ही तैयारियों के बारे में पूछा। इसके बाद वह सेक्टर पांच स्थित अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम के चरखी दादरी शिविर पहुंचे। वहां मंडलायुक्त और डीएम ने उनसे मेले की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनसे सुविधाएं मिलने के बारे में भी पूछा। मंडलायुक्त ने मेला प्रशासन से जुड़े अफसरों को हिदायत दी कि संतों, भक्तों और कल्पवासियों को मेला अवधि में किसी तरह की कठिनाई न होने पाए।
त्रिवेणी पांटून पुल पर उल्टी दिशा में यातायात, मंडलायुक्त ने लगाई फटकार
शनिवार को माघ मेले की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान त्रिवेणी पुल पर लोग उल्टी दिशा से प्रवेश करते नजर आए। इस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पांटून पुल पर यातायात निगरानी के मद्देनजर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई। वहां तैनात पुलिस कर्मियों को उन्होंने फटकार लगाई। साथ ही चेताया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी भी दशा में न होने पाए।