यूपी : कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में बांदा जेल भेजा गया माफिया मुख्तार अंसारी
मनी लांड्रिंग मामले में ईडी की कस्टडी रिमांड पूरा होते ही बाहुबली मुख्तार अंसारी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। कोर्ट ने उनकी न्यायिक अभिरक्षा को 10 जनवरी 2023 तक के लिए मंजूर किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईडी की तरफ से अधिवक्ता शिव मूर्ति वर्मा पेश हुए थे। सरकारी अधिवक्ता गुलाब चंद्र अग्रहरी ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने का कोई विरोध नहीं किया। एसीजीएम अट्ठारह की कोर्ट ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई पर संबंधित कोर्ट के समक्ष आरोपी को पेश किया जाए। इसके पहले बाहुबली मुख्तार अंसारी की ईडी कस्टडी रिमांड 28 जनवरी तक जिला जज की कोर्ट ने मंजूर की थी। आज जब समयावधि पूरी हुई तब उन्हें कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।
तूफान कर रहा था मेरे अज्म का तवाफ, दुनिया समझ रही थी मेरी कश्ती भंवर में है
रिमांड अवधि खत्म होेने के बाद मुख्तार अंसारी की कोर्ट में पेशी के दौरान हुए दो वाकयेे दिन भर चर्चा में रहे। कोर्ट रूम में जाते वक्त मीडिया के सवालों पर माफिया ने यह कहते हुए कुछ बोलने से इंकार किया कि बोलने पर पाबंदी है। लेकिन कुछ देर बाद कोर्ट रूम से निकलते ही उसने शेर सुनाया, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।मुख्तार को ईडी की टीम दोपहर 12 बजे के करीब लेकर कोर्ट पहुंची। कोर्ट रूम में जाते वक्त मीडिया के सवाल पर उसने कुछ कहने से इंकार कर दिया। सिर्फ इतना कहा कि बोलने पर पाबंदी है।
हालांकि करीब एक घंटे बाद सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के दौरान जैसे ही वह कोर्ट रूम से बाहर निकला, उसने एक शेर पढ़ा। कहा कि ‘तूफान कर रहा था मेरे अज्म का तवाफ, दुनिया समझ रही थी मेरी कश्ती भंवर में है।’ इसके बाद वह प्रिजन वैन में बैठकर बांदा के लिए रवाना हो गया।
मुख्तार पर बेटे व साले समेत चार्जशीट की तैयारी
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में माफिया मुख्तार अंसारी से पूछताछ बुधवार को पूरी हो गई। अब उसके साथ ही उसके बेटे अब्बास अंसारी व साले आतिफ उर्फ सरजील रजा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। प्रवर्तन निदेशालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्तार को ईडी ने 14 दिसंबर से कस्टडी रिमांड पर लिया था। बुधवार को रिमांड अवधि खत्म होने से पहले 15 दिनों तक उससे गहन पूछताछ की गई। सुरक्षा कारणों से उसे कहीं और तो नहीं ले जाया गया, लेकिन इस दौरान उसके करीबियों के साथ ही चार्टर्ड अकाउंटेंट व कई अन्य लोगों से पूछताछ की गई। पूर्व में अब्बास अंसारी व सरजील से पूछताछ में मिली जानकारियों से जुडे़ सवाल भी पूछे गए।
मुख्तार की कंपनी विकास कंसट्रक्शन व उसके ससुर की फर्म आगाज कंसट्रक्शन के खातों से हुए लेनदेन की बाबत गहन पूछताछ की गई। दोनों फर्मों की बैलेंस शीट के साथ ही मुख्तार, उसकी पत्नी अफ्शा अंसारी, बेटे व रिश्तेदारों के खातों से हुए लेनदेन के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।
सूत्रों का कहना है कि ईडी को बेहद अहम जानकारियां मिली हैं। पूछताछ के दौरान कई साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद जल्द ही अब इस मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। उसके साथ ही बेटे अब्बास अंसारी व साले सरजील के खिलाफ भी चार्जशीट की तैयारी शुरू कर दी गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.