बरेली जेल प्रशासन ने खड़े किए हाथ, माफिया अतीक को किसी और जेल भेजने की सिफारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवरिया से बरेली जिला जेल में शिफ्ट किए गए माफिया अतीक अहमद की सुरक्षा को लेकर यहां जेल प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। जेल अधीक्षक ने स्टाफ की कमी और थाना काफी दूरी पर होने समेत कई दिक्कतों का जिक्र करते हुए डीएम को पत्र लिखा है। इसके बाद डीएम ने अतीक को किसी दूसरी जेल में शिफ्ट करने की रिपोर्ट प्रमुख सचिव कारागार को भेज दी है। वही, प्रयागराज में एसटीएफ अतीक गैंग से जुड़े ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिनकी संपत्ति में हाल के दिनों में बेहिसाब इजाफा हुआ है।
माफिया अतीक को मंगलवार को देवरिया से बरेली जिला जेल में लाए जाने के बाद से ही यहां जेल अधिकारियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। बुधवार को अतीक अहमद ने जेल अधिकारियों को यह धमकी दी थी कि उसे सुविधाएं नहीं मिली तो उनके लिए उसे कंट्रोल कर पाना मुश्किल होगा। इसके बाद जेल अधिकारियों ने कोशिश शुरू कर दी है कि अतीक को बरेली के बजाय किसी और जेल में शिफ्ट कर दिया जाए। जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र ने अतीक की सुरक्षा पर हाथ खड़े करते हुए डीएम को पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि जिला जेल शहर से काफी दूर है। यहां से सबसे नजदीक थाना बिथरी चैनपुर भी करीब पांच किमी की दूरी पर है। जेल में 2800 कैदी हैं, जिनके अनुपात में स्टाफ की भी कमी है। जेल प्रशासन के पत्र के आधार पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने प्रमुख सचिव कारागार को अपनी रिपोर्ट भेज दी है। अब शासन स्तर पर फैसला होना है कि अतीक को बरेली में ही रखा जाना है या उसे कहीं और भेजा जाएगा।
दूसरी ओर प्रयागराज में अतीक गैंग पर शिकंजा कसने की एसटीएफ ने तैयारी कर ली है। अतीक के करीबियों की संपत्ति पर नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों को सूची में डाला जा रहा है, जिन्होंने कुछ समय में ही काफी संपत्ति जमा कर ली है। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि कई ऐसे लोगाें के नाम संपत्ति खरीदी गई, जिनका अस्तित्व ही नहीं है। एसटीएफ अब ऐसे लोगों की सूची तैयार करने में जुट गई है। जल्द ही ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार कर शासन को सौंपी जाएगी।
डीएम ने शासन को भेजी रिपोर्ट
जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्रा ने बताया कि, जेल ग्रामीण क्षेत्र में है लिहाजा सुरक्षा कारणों को देखते हुए डीएम को पत्र लिखा गया है। बंदियों को नियंत्रण में रखने में गड़बड़ी नहीं हो, इसके लिए अतीक को दूसरी जेल में शिफ्ट कर दिया जाए तो अच्छा रहेगा। अतीक की बैरक में रहने वाले बंदियों को अगर वहां खतरा महसूस होता है तो उन्हें दूसरी बैरक में भेजा जा सकता है।
डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि, जेल के अधिकारियों ने अतीक अहमद को बरेली से किसी और जेल में शिफ्ट किए जाने के संबंध में पत्र भेजा था। इसमें जेल अफसरों ने कई दिक्कतों का उल्लेख करते हुए बरेली कारागार से अतीक को शिफ्ट करना जरूरी बताया है। मैंने इस संबंध में शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
देवरिया जेल में अतीक ने अपनी करीबी के दामाद और उसके एक साथी को बुलाकर पीटा था। उन लोगों ने रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई थी लेकिन अब पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी। अतीक अहमद के करीबी का दामाद पोंगहट पुल इलाके का रहने वाला है। पैसों के लेन देन के मामले में अतीक अहमद ने पिछले महीने उसे देवरिया जेल बुलाकर बुरी तरह पीटा था। घटना की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई थी। धूमनगंज पुलिस अब उन दोनों का बयान दर्ज करेगी।