एलटी ग्रेड शिक्षक लेंगे प्रवक्ता का इंटरव्यू
‘शिक्षक ले रहे प्रधानाचार्य का इंटरव्यू’ शीर्षक से अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद कानपुर के एक अभ्यर्थी की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने के बाद प्रधानाचार्य के इंटरव्यू के रिजल्ट पर रोक लगा दी गई थी। वह रोक अभी तक लगी हुई है। अब वही एलटी ग्रेड शिक्षक अपने से बड़े प्रवक्ता पद का साक्षात्कार लेंगे। इससे पहले भी अमर उजाला की ओर से चयन बोर्ड में मानक के अनुरूप सदस्यों की नियुक्ति नहीं होने को लेकर सवाल खड़ा किया था। चयन बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष का प्रभार संभाल चुकीं अनीता यादव एवं ललित कुमार श्रीवास्तव इंटर कॉलेज के शिक्षक हैं। अनीता यादव इटावा के केके इंटर कॉलेज में एलटी ग्रेड शिक्षिका हैं, ललित कुमार श्रीवास्तव शिक्षा विभाग में लिपिक के बाद एलटी ग्रेड शिक्षक बन सीधे चयन बोर्ड के सदस्य बन गए। सरकार ने उन्हें दूसरी बार चयन बोर्ड सदस्य बनाकर सदस्य बनाने के लिए मानकों की अनदेखी की है।