प्रेमी युगल के सल्फास खाने का मामला: प्रेमी की हालत स्थिर, पुलिस को लव जिहाद का शक
- पिता ने साजिश के तहत बेटी को जहर देकर मार डालने का लगाया आरोप
विस्तार
हाईकोर्ट के पास प्रेमी युगल के सल्फास खाने के मामले में दूसरे दिन प्रेमी की हालत में सुधार रहा। उधर एसआरएन अस्पताल पहुंचकर हरदोई पुलिस ने उससे पूछताछ की। उधर मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि प्रेमी ने ही साजिशन उसकी बेटी को सल्फास खिलाकर मार डाला। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
हरदोई के पूरा रतनपुर के रहने वाले शमशाद (27) और बेड़ी जोड़ अरवल निवासी अनीता (17) (परिवर्तित नाम) ने 17 फरवरी की दोपहर हाईकोर्ट ओवरब्रिज के पास तड़पते हुए मिले। अस्पताल ले जाने पर पता चला कि दोनों ने सल्फास खाया था। इलाज के दौरान दो घंटे बाद ही युवती ने दम तोड़ दिया था। जबकि युवक का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी पर मंगलवार सुबह हरदोई पुलिस मृतका के परिजनों को लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंची। विवेचक रामलाल सोनकर ने अस्पताल में भर्ती शमशाद से बात की।
सल्फास खाने की वजह पूछने पर वह यही कहता रहा कि शादी न हो पाने की वजह से उसने ऐसा किया। उधर, मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को साजिशन सल्फास खिलाकर मार डाला गया। खुद न फंसे, इसके लिए ही आरोपी प्रेमी सल्फास खाने का ड्रामा रच रहा है। ऐसा न होता, तो आखिर कैसे बेटी की मौत हो गई और वह बच गया। मामले में हरदोई से आए विवेचक का कहना है कि फिलहाल आरोपी पर अपहरण का मुकदमा दर्ज है। उसकी सुरक्षा में सिपाही तैनात कर दिए गए हैं। स्वस्थ होने पर उसे हरदोई ले जाकर पूछताछ की जाएगी। बयान व सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
11 फरवरी की रात हुई थी गायब
परिवारवालों ने बताया कि उनकी बेटी 11 फरवरी की रात घर से गायब हुई थी। वह शादीशुदा थी और मां के बीमार होने पर 10 दिन पहले ही ससुराल से मायके आई थी। पिछले साल जुलाई में उसकी शादी कन्नौज के गोसाईगंज निवासी युवक से की गई थी। पिता का आरोप है कि शमशाद बेटी को ससुराल में भी फोन कर परेशान करता था। कई बार दामाद ने फोन पर ही उसे समझाया भी था।
बेटी का शव देख फूट-फूटकर रोया पिता
सुबह हरदोई से पहुंचे मृतका के पिता बेटी का शव देख फूट-फूटकर रोने लगा। साथ मौजूद मृतका का भाई भी बिलखता रहा। मृतका पिता की आठ संतानों में तीसरे नंबर पर थी। शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर हरदोई के लिए रवाना हो गए।
कुछ दिन अजमेर में भी रहे थे दोनों
उधर अस्पताल में भर्ती शमशाद ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि हरदोई से निकलने के बाद वह युवती को लेकर अजमेर चला गया था। जहां चार-पांच दिन रहने के बाद दोनों शादी करने प्रयागराज आए। यहां हाईकोर्ट के पास पहुंचकर एक वकील से बात की। लेकिन युवती के शादीशुदा होने की बात पर बताया गया कि बिना तलाक लिए शादी नहीं हो सकती। इसी से परेशान होकर दोनों ने जान देने का फैसला किया और सल्फास खा लिया। सल्फास खाते ही वह बेसुध हो गया और फिर होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया।...तो क्या पहले ही कर ली थी प्लानिंग?
इस मामले में एक बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रेमी युगल ने पहले से ही जान देने की योजना बना ली थी। इसलिए क्योंकि हाईकोर्ट के पास पहुंचने से पहले ही उनके पास सल्फास मौजूद था। यहां पहुंचकर वह सीधे हाईकोर्ट के पास स्थित चौराहे पर पहुंचे थे। पुलिस का भी यही कहना है कि अस्पताल में भर्ती युवक ने पूछने पर यही बताया था कि उसके पास पहले से सल्फास था।