Loksabha Chunav : वॉर रूम से ही की जा रही चुनावी तैयारियां, आईटी प्रोफेशनल्स ने संभाला मोर्चा
सपा और भाजपा तो पिछले कई दिनों से अपने वॉर रूम से ही चुनाव प्रचार की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। वॉर रूम की कमांड भी इन दलों ने अपने आईटी प्रोफेशनल्स को सौंप रखी है। हर एक फीडबैक के आधार पर अगले दिन की रणनीति बनाई जाती है। इन दलों ने ढेरों वाह्टसअप ग्रुप भी बना लिए हैं।
विस्तार
प्रयागराज की फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय सीट पर वोटिंग 25 मई को होनी है। वोटिंग तिथि नजदीक आने के साथ ही भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा आदि ने अपने प्रत्याशी के प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सपा और भाजपा तो पिछले कई दिनों से अपने वॉर रूम से ही चुनाव प्रचार की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। वॉर रूम की कमांड भी इन दलों ने अपने आईटी प्रोफेशनल्स को सौंप रखी है। हर एक फीडबैक के आधार पर अगले दिन की रणनीति बनाई जाती है। इन दलों ने ढेरों वाह्टसअप ग्रुप भी बना लिए हैं।
भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो चुनाव संचालन के लिए पार्टी ने लोकसभा वार दो केंद्रीय कार्यालय एवं हर एक विधानसभा में एक-एक कार्यालय खोल रखा है। इलाहाबाद संसदीय सीट का प्रभारी बब्बूराम द्विवेदी तो फूलपुर में यह दायित्व प्रदेश सह संयोजक मीडिया संपर्क विभाग आशीष गुप्ता को साैंपा गया है। दोनों ही प्रभारी अपने प्रत्याशियों के अगले दो दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित करते हैं।
इन दोनों के ही पास पार्टी प्रत्याशी क्रमश: नीरज त्रिपाठी एवं प्रवीण पटेल से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध रहती है। वहीं भाजपा ने अपने सिविल लाइंस कार्यालय में एक हाईटेक कंट्रोल रूम भी बनाया है। इस कार्यालय की माॅनिटरिंग सीधे लखनऊ से की जाती है। वहां किसी को जाने की इजाजत भी नहीं है। वहां शिफ्ट वाइज 20 से 25 युवा काम करते हैं। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे से सारी लाइव फुटेज प्रदेश कार्यालय को जाती है।
उधर सपा की बात करें तो जिलाध्यक्ष गंगापार, महानगर अध्यक्ष,जिला एवं महानगर महासचिव आदि नेताओं की एक समिति बनी है जो चुनाव संचालित कर रही है। पार्टी ने अपने जिला कार्यालय को ही केंद्रीय कार्यालय में तब्दील कर दिया है। पार्टी के युवा फ्रंटल संगठन, महिला सभा, मजदूर सभा, अधिवक्ता सभा, अनु. जाति प्रकोष्ठ, व्यपार सभा, अल्पसंख्यक सभा, शिक्षक सभा के लोगों को भी वॉर रूम में रखा गया है।
सोशल मीडिया के लिए भी यहां एक अलग टीम लगाई गई है। जो राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित बड़े नेताओं और स्थानीय प्रत्याशी के भाषणों को प्रचारित करते हैं। जिला मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य के अखबारों में प्रकाशित खबरें, चुनावी सभा,जनसंपर्क आदि सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव भी दिखाया जा रहा है। जिला कार्यालय में कार्यालय सचिव शिव शंकर एवं सहयोगी हेमंत यादव की देखरेख में यह काम चल रहा है। सोशल मीडिया में कुल 20 लोग हर विधानसभा में सक्रिय हैं। इसी तरह कांग्रेस भी सोशल मीडिया में सक्रिय है। इसके लिए एक टीम भी लगातार जुटी हुई।