Mahakumbh : साल के पहले दिन केंद्रीय अस्पताल में हार्ट अटैक के दो मरीजों की बची जान, ओपीडी में बढ़े मरीज
साल के पहले दिन मेला क्षेत्र स्थित केंद्रीय अस्पताल के आईसीयू में समय रहते इलाज करके हार्ट अटैक के दो मरीजों की जान बचाई गई। मात्र 17 घंटों में दोनों मरीज खुद को बेहतर महसूस कर रहे हैं।
विस्तार
साल के पहले दिन मेला क्षेत्र स्थित केंद्रीय अस्पताल के आईसीयू में समय रहते इलाज करके हार्ट अटैक के दो मरीजों की जान बचाई गई। मात्र 17 घंटों में दोनों मरीज खुद को बेहतर महसूस कर रहे हैं। मध्य प्रदेश निवासी मरीज को जल्द अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। वहीं, दूसरे मरीज की हालत भी खतरे से बताई जा रही है।
रीवा, मध्य प्रदेश निवासी रामेश्वर दास (55) मेला के सेक्टर-21 स्थित मठ में ठहरे हुए हैं। तीन दिनों से इन्हें सीने में दर्द महसूस हो रहा था। बुधवार को दिक्कत बढ़ने पर वह परेड मैदान स्थित केंद्रीय अस्पताल पहुंचे। ईसीजी रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
कुछ ही घंटे बाद रामेश्वर की हालत में काफी सुधार हो गया। वहीं, दूसरे मरीज को अचेतावस्था में पुलिस अस्पताल के इमरजेंसी में लेकर पहुंची। जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई और इलाज शुरू हुआ। शाम तक इस मरीज की हालत में भी सुधार देखा गया।
इसके अलावा साल के पहले दिन केंद्रीय अस्पताल की ओपीडी में 900 लोगों का उपचार किया गया। वहीं, केंद्रीय पैथोलॉजी में 100 से ज्यादा लोगों के प्रतिदिन खून की जांच हो रही है। श्रद्धालुओं को 50 से अधिक तरह के फ्री टेस्ट कराने की सुविधा दी जा रही है।
मेले में किसी भी गंभीर मरीज के इलाज के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। खासतौर से हार्ट अटैक, ब्रेन हैम्ब्रेज, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीजों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम कर रही है। - डॉ. सिद्धार्थ पांडेय, निदेशक, छावनी सामान्य अस्पताल