रेलवे: हर 15 सेकंड पर मिलेगी ट्रेनों की लाइव लोकेशन, इंजनों में लगाई जा रही रियल टाइम इन्फॉर्मेशन डिवाइस
अगले एक वर्ष के भीतर उत्तर मध्य रेलवे जोन में चलने वाली सभी ट्रेेनों की लाइव लोकेशन हर 15 सेकंड में मिल सकेगी। यह संभव होगा इसरो की मदद से। एनसीआर के सभी इंजनों में रियल टाइम इन्फॉर्मेशन सिस्टम डिवाइस लगाई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगले एक वर्ष के भीतर उत्तर मध्य रेलवे जोन में चलने वाली सभी ट्रेेनों की लाइव लोकेशन हर 15 सेकंड में मिल सकेगी। यह संभव होगा इसरो की मदद से। एनसीआर के सभी इंजनों में रियल टाइम इन्फॉर्मेशन सिस्टम डिवाइस लगाई जा रही है। अगले एक वर्ष में यहां 500 से ज्यादा इंजन इस सुविधा से लैस कर दिए जाएंगे। खास बात यह है कि मालगाड़ियों की भी लाइव लोकेशन इसके माध्यम से देखी जा सकेगी।
मौजूदा समय ट्रेनों की लोकेशन रेलवे की नेशनल ट्रेन इनक्वायरी सिस्टम और 139 सेवा से मिलती है। इसमें हर एक स्टेशन पार करने के बाद ही लोकेशन अपडेट होती है। उदाहरण के लिए कोई ट्रेन अगर मिर्जापुर से प्रयागराज आ रही है तो करछना स्टेशन पार करने के बाद उसकी लाइव लोकेशन तब मिलेगी जब वह भीरपुर स्टेशन को पार करेगी। लेकिन रियल टाइम इन्फॉर्मेशन सिस्टम में प्रत्येक 15 सेकंड पर ट्रेनों की लोकेशन अपडेट होती रहेगी। यह सिस्टम रेलवे इसरो की मदद सेे उपलब्ध करवाएगा। दरअसल इसरो के गगन जियो पोजिशनिंग सिस्टम की मदद से ट्रेन इंजन में लगी डिवाइस रियल टाइम लोकेशन देगी।
उत्तर मध्य रेलवे जोन की बात करें तो यहां कुल 522 इंजन में यह डिवाइस लगाने की प्रकिया शुरू की गई है। डिवाइस मालगाड़ियों के भी इंजन में लगाई जाएगी। इससे जिन उद्यमियों या कारोबारियों को अपना माल आदि मालगाड़ियों से ले जाना है उन्हें भी उसकी लाइव लोकेशन के बारे में जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल एनसीआर के झांसी और कानपुर शेड में इंजनों में डिवाइस लगाने का काम शुरू हो गया है।
रियल टाइम इन्फॉर्मेशन सिस्टम डिवाइस इंजनोें में लगाने का काम शुरू हो गया है। 2024 तक सभी इंजनों में डिवाइस लग जाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक 15-15 सेकंड ट्रेनों की लाइव लोकेशन अपडेट होती रहेगी। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर।