कुंभ 2019: दूसरे शाही स्नान को लेकर प्रशासन की विशेष तैयारी, चलाई जाएंगी 75 स्पेशल गाड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले कुंभ में हुए हादसे को लेकर सतर्क रेलवे प्रशासन ने मौनी अमावस्था पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे स्टेशनों तथा आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ टावर भी बनाए गए हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर मेला कंट्रोल टावर लगाया गया है। कंट्रोल टावर में इलाहाबाद सिटी, प्रयाग, नैनी, छिवकी आदि स्टेशनों पर सीधे बात करने के लिए हॉट लाइन की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष फोन, वाकी-टाकी भी दिए गए हैं। जंक्शनपर 130 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। छिवकी रेलवे स्टेशन परिसर में 30, नैनी में 35 तथा सूबेदारगंज में 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा मेला टिक घर में 33 कैमरे लगाए गए हैं।
इन स्टेशनों पर आरपीएफ के 2500 तथा जीआरपी के चार हजार जवान भी तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मानिकपुर-सतना की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए हरा रंग का आश्रय (संख्या एक), प्रतापगढ़-सुलतानपुर-लखनऊ की ओर जाने वालों के लिए नीले रंग का (संख्या), मुगलसराय-हावड़ा के लिए पीरा रंग (संख्या तीन) तथा कानपुर-दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए हरे रंग (संख्या चार) का आश्रय बनाया गया है। आश्रय स्थलों तथा हर स्टेशन पर मेडिकल बूथ तथा एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।
मौनी अमवस्या पर चलाई जाएंगी 75 स्पेशल गाड़ियां
सूबेदारगंज स्टेशन पर रुकेंगी ट्रेनें
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर जंक्शन पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है। इसलिए तीन से छह फरवरी के बीच कई ट्रेनों का सूबेदारगंज स्टेशन पर भी ठहराव होगा। अप दिशा की ओर से जाने वाली गाड़ी संख्या 12307, 22431, 12417, 12275, 22437, 12403 तथा डाउन दिशा की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या 12404, 12276, 22438, 12418, 18632, 12308, 22432 एवं 18102 का सूबेदारगंज पर ठहराव होगा।
मौनी अमावस्था स्नान पर्व के मौके पर चार और पांच फरवरी को 75 मेला स्पेशल गाड़ियां चलाई जाएंगी। 50 मेला स्पेशल इलाहाबाद मंडल, 11 पूर्वोत्तर रेलवे तथा 14 उत्तर रेलवे की ओर से चलाई जाएंगी। 50 फीसदी मेला स्पेशन गाड़ियां टाइम टेबल के अनुसार चलाई जाएंगी। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि चार से छह फरवरी तक इलाहाबाद मंडल की ओर से इलाहाबाद से कानपुर एवं पं.दीनदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) की ओर आठ-आठ, सतना-बांदा-झांसी तथा नैनी की ओर तीन-तीन स्पेशल गाड़ियां टाइम टेबल के अनुसार चलाई जाएंगी।
छिवकी से सतना-बांदा-झांसी की ओर दो स्पेशल ट्रेन टाइम टेबल के अनुसार चलाई जाएंगी। अन्य गाड़ियां भीड़ के अनुसार चलेंगी। नियमित ट्रेनाें का भी अन्य स्टेशनों पर ठहराव होगा। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गौरव कृष्ण बंसल के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे की ओर से छह से छह फरवरी तक अलग-अलग मार्ग पर 24, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से एक से सात फरवरी तक 11 एवं उत्तर रेलवे की ओर से चार से छह फरवरी तक 17 स्पेशल गाड़िया चलाई जाएंगी।
प्लेटफार्म टिकट की बिक्री नहीं होगी
मौनी अमावस्था स्नान पर्व के अवसर पर तीन से सात फरवरी तक जंक्शन, नैनी तथा छिवकी स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री पर रोक रहेगी। स्नान पर्व एवं उससे एक पहले तथा दो दिन बाद तक जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से प्रवेश बंद रहेगा। सिटी साइड से केवल प्रवेश तथा सिविल लाइंस साइड से निकास की अनुमति रहेगी।
इंदौर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
सूबेदारगंज से इंदौर के बीच कुंभ मेला विशेष गाड़ी चलाई जाएगी। इंदौर से एक, आठ और 15 फरवरी को ट्रेन दिन में 1.55 बजे चलेगी और यहां शाम छह बजे पहुंचेगी। सूबेदारगंज से दो, नौ एवं 16 को सुबह 10 बजे ट्रेन चलेगी और इंदौर सुबह 4.55 बजे पहुंचेगी।