IPL 2023 : तालियों की गड़गड़ाहट के बीच फैन पार्क में मिलेगा आईपीएल का रोमांच, नि:शुल्क मिलेगा प्रवेश
फैन पार्क में लगी एलईडी स्क्रीन पर हजारों लोगों को मैच दिखाया जाएगा। शनिवार को आईपीएल लीग के दो मैच हैं। पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स व दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच होगा।
विस्तार
तालियों की गड़गड़ाहट से भरे इंडियन प्रीमियर लीग के मैच का रोमांच जिस तरह किसी स्टेडियम में देखने को मिलता है, ठीक उसी तरह अब प्रयागराज में भी लोग आईपीएल का आनंद ले पाएंगे। टाटा आईपीएल की ओर से शनिवार को केपी इंटर कॉलेज के मैदान पर आईपीएल फैन पार्क लगने जा रहा है। इसमें आईपीएल के मैच की तरह मनोरंजन की सभी सुविधाओं का लोग लुत्फ उठा सकेंगे।
फैन पार्क में लगी एलईडी स्क्रीन पर हजारों लोगों को मैच दिखाया जाएगा। शनिवार को आईपीएल लीग के दो मैच हैं। पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स व दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच होगा। इस दौरान फैन पार्क में सभी दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। पार्क में दोपहर दो बजे से ही प्रवेश शुरू हो जाएगा।
पार्क में लकी ड्रॉ कूपन प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को गिफ्ट भी दिए जाएंगे। वहीं, दर्शकों के लिए फूड कोर्ट, बच्चों के खेलने के लिए अलग से व्यवस्था, सेल्फी जोन, म्यूजिक, फूड स्टॉल, गेम्स की भी व्यवस्था होगी।
आयोजनकर्ताओं ने बताया कि इस पार्क में आने वाले दर्शकों को ऐसा लगेगा, जैसे दर्शक स्टेडियम के अंदर ही बैठकर मैच देख रहे हों। पार्क में लगी एलईडी स्क्रीन पर मैच के दौरान जब हजारों लोग एक साथ चौके-छक्कों पर तालियां बजाएंगे, तो बिल्कुल स्टेडियम जैसा माहौल नजर आएगा। दर्शक स्टेडियम की ही तरह अपनी चहेती टीम के मनपसंद
खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर जा सकेंगे
टाटा आईपीएल से जुड़े कई अधिकारियों ने हाल ही में प्रयागराज का दौरा किया था। इसके बाद इस आयोजन को कराने की सहमति बनी थी। इससे पहले वर्ष 2019 में भी आईपीएल का फैन पार्क शहर में बनाया गया था, जिसमें हजारों खेल प्रेमियों ने मैच का आनंद लिया था।