प्रयागराज। अमर उजाला के ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम के तहत आजादी का जश्न 15 अगस्त को सुभाष चौराहा सिविल लाइंस में मनाया जाएगा। यहां इलाहाबाद की सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ध्वजारोहण करेंगी। इस दौरान आम शहरियों के साथ वे राष्ट्रीय गान में भी प्रतिभाग करेंगी। इस कार्यक्रम में सिविल लाइंस व्यापार मंडल समेत शहर के तमाम व्यापारिक संगठन, समाजसेवी संस्थाओं आदि से जुड़े सैकड़ों लोग शिरकत करेंगे।
पिछले कई दिन से सुभाष चौराहे पर किए जाने वाले इस आयोजन की तैयारियां चल रही है। इस दौरान ध्वजारोहण और सामूहिक राष्ट्रगान के बाद एक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ने के लिए हर रोज अमर उजाला कार्यालय में समाज सेवी संस्थाएं आदि लगातार संपर्क कर रही हैं। इसी बीच सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा, महामंत्री शिव शंकर सिंह आदि ने अमर उजाला संग बैठक की। अध्यक्ष सुशील खरबंदा ने बताया कि आजादी के इस जश्न में काफी संख्या में व्यापारी शामिल होंगे। इस दौरान एक रक्तदान शिविर भी होगा। उधर अमर उजाला की ओर से 15 अगस्त के मौके पर सुभाष चौराहे की विशेष सजावट भी की जाएगी। साथ ही वहां दिन भर देश भक्ति से जुड़े संगीत लोगों को सुनने को मिलेगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह दस बजे आयोजित किया गया है। इस आयोजन में प्रयाग व्यापार मंडल, राजरूपुपर व्यापार मंडल, मुंडेरा व्यापार मंडल, कैट, अखिल भारतीय व्यापार मंडल समेत दर्जनों संस्थाआं से जुड़े लोग शामिल होंगे।