Prayagraj : छह वर्षीय बेटी के सामने युवक ने लिव इन पार्टनर के साथ की बर्बरता, पुलिस को बताई कहानी
माघ मेला क्षेत्र में एक दिन पहले रीवा निवासी सुनीता वर्मा (45) को मौत के घाट उतारने के आरोपी मनीष यादव के सिर पर खून सवार था। उसने महिला के चेहरे पर पहले डंडे और फिर मुक्कों से ताबड़तोड़ वार किए थे।
विस्तार
माघ मेला क्षेत्र में एक दिन पहले रीवा निवासी सुनीता वर्मा (45) को मौत के घाट उतारने के आरोपी मनीष यादव के सिर पर खून सवार था। उसने महिला के चेहरे पर पहले डंडे और फिर मुक्कों से ताबड़तोड़ वार किए थे। यह बात घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की छह वर्षीय मासूम बेटी दामिनी ने पुलिस को बताई है।जिस वक्त यह घटना हुई दामिनी वहां मौजूद थी।
उसने पुलिस को बताया कि मनीष उसकी मां से झगड़ रहा था। अचानक से उसने डंडा उठाया और उसकी मां को पीटने लगा। पहले सिर पर मारा और फिर जमीन पर गिरने पर उसके चेहरे पर वार किए। इसके बाद मुक्कों से उसके चेहरे पर मारने लगा। उसने अंगुलियाें में अंगूठियां पहन रखी थीं और इससे उसकी मां के चेहरे से खून निकलने लगा।
यह देख वह चीखने लगी तो मनीष उसकी ओर भी लपका, लेकिन वह भाग निकली। पुलिस के साथ जब वह वापस आई तो देखा कि मां जमीन पर बेसुध पड़ी थी। सोमवार दोपहर बाद रीवा से मृतक के दोनों बेटे भी आ गए। पोस्टमार्टम के बाद शाम को उन्होंने दारागंज में अंतिम संस्कार कर दिया।
24 घंटे बाद भी आरोपी पकड़ से दूर
पुलिस घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी का पता नहीं लगा सकी है। छावनी बने माघ मेला क्षेत्र में हत्या जैसी वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कहां लापता हो गया, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। फिलहाल पुलिस का यही कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है। एसीपी झूंसी आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।