प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डीडी पंत सभागार में बुधवार को विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव का सम्मान किया गया। सम्मानित होने के बाद उन्होंने शिक्षकों से कहा कि किसी भी कार्य के प्रति यदि सच्ची निष्ठा होगी तो उसे कामयाबी मिलेगी। उन्होंने अपने कॅरियर के 32 वर्षों के बारे बताया। कहा कि अपनी मेहनत के दम पर वह कुलपति के पद पर पहुंची हैं। विज्ञान संकाय में हुए समारोह में उन्होंने रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जैव रसायन, वनस्पति विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, रक्षा अध्ययन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैटेरियल साइंस एवं अर्थ एंड प्लेनेटरी साइंस विभाग के शिक्षकों से संवाद किया। डीन साइंस प्रो. शेखर श्रीवास्तव और जैव रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. एसआई रिजवी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
प्रवक्ता शिक्षाशास्त्र की काउंसलिंग पहले कराने की मांग
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग से प्रवक्ता शिक्षाशास्त्र के पद पर चयनित अभ्यर्थियों ने निदेशक उच्च शिक्षा से उनकी काउंसलिंग पहले करवाकर नियुक्ति देने की मांग की है। चयनित शिक्षकों का कहना है कि 12 नवंबर को उनकी नियुक्ति से जुड़ी फाइल निदेशालय भेजी गई थी। अभ्यर्थियों डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. अजय कुमार, डॉ.संजय कुमार द्विवेदी का कहना है कि निदेशक का कहना है कि उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।