प्रयागराज : सहसों का ऐतिहासिक दशहरा मेला संपन्न, आकर्षक रहीं झांकियां
मेले में दर्शक महिलाओं पुरुषों को कोई असुविधा न हो इसके लिए बाजार का मुख्य मार्ग, बाईपास, फुलवरिया, गोल चौराहा, हनुमानगंज रोड, झूंसी रोड, फाफामऊ रोड को विद्युत रोशनी से जगमग किया गया था।
विस्तार
ऐतिहासिक दशहरा मेला एवं भरत मिलाप सहसों बाजार में धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। आदर्श रामलीला कमेटी सहसों के बैनर तले बुलाई गई देवधारा मैहर धाम से श्री आदर्श रामलीला मंडल के जितेन्द्र प्रसाद शुक्ला के निर्देशन में 11 दिनों तक कलाकारों ने सुंदर अभिनय करते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की लीला का मंचन कर दर्शकों को जहां मन मोह लिया। वहीं शनिवार को हुए दशहरे मेले में निकाली गई चौकियां मेले में आकर्षण का केन्द्र रही।
इस अवसर पर कमेटी द्वारा विजय दशमी के रूप में सुंदर एवं भव्य राम दल को गाजे बाजे के साथ निकाल गया। जो रामलीला मंचन स्थल से प्रारंभ होकर फुलवरिया स्थित राम जानकी मंदिर, गोल चौराहा होते हुए ललचहां दुर्गा मंदिर दर्शन के उपरांत रामलीला मैदान पहुंच कर राम रावण युद्ध हुआ रावण वध कर उसका उद्धार के पश्चात राम दल वापस मंचन स्थल पर समाप्त हुआ तथा राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न चारों भाइयों का मिलाप हुआ। इस दौरान राम दल का जगह-जगह रोक कर भक्तों ने माल्यार्पण कर स्वागत तथा आरती उतारी।
आकर्षक सजावट ने मन मोहा
मेले में दर्शक महिलाओं पुरुषों को कोई असुविधा न हो इसके लिए बाजार का मुख्य मार्ग, बाईपास, फुलवरिया, गोल चौराहा, हनुमानगंज रोड, झूंसी रोड, फाफामऊ रोड को विद्युत रोशनी से जगमग किया गया था। इस अवसर पर आधा दर्जन रोशनी युक्त कलात्मक चौकियों के साथ रातभर आसपास से आए बच्चे, महिलाएं एवं पुरूषों ने मौजूद रहकर आनंदित हुए। इन सबके बीच पवन पुत्र हनुमान जी की झांकी मेले में आकर्षण का केंद्र रही।
मेले में बिजली की आंख मिचौली न हो इसके लिए विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात रही। रामदल के साथ महापौर उमेश कुमार गणेश केसरवानी, जिला कोषाध्यक्ष भाजपा गंगापार आशीष केसरवानी, जिला उपाध्यक्ष भाजपा गंगापार अनिरुद्ध सिंह पटेल, कमेटी के अध्यक्ष अजय केसरवानी, प्रबंधक आलोक कुमार सिंह, विपेन्द्र सिंह पटेल ब्लॉक प्रमुख फूलपुर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकुमार सिंह, भाजपा नेता वीरेन्द्र बहादुर सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि शिवनारायण सिंह गप्पू, आशुतोष तिवारी, अमन सिंह राजपूत, वीरेन्द्र कुमार गुप्ता, लालचंद्र गुप्ता शामिल रहे।