हाईकोर्ट बार मोहल्लों में लगवाएगा कैंप, इच्छुक वकील कराएंगे कोरोना की जांच
प्रयागराज। कोविड 19 संक्रमण से हाईकोर्ट और वकील भी अछूते नहीं हैं। दिन पर दिन बढ़ रही समस्या को देखते हुए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने वकीलों का सामूहिक टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी की जा रही है और जल्दी कैंप लगाकर टेस्टिंग की जाएगी। इसमें जो वकील टेस्ट कराने के इच्छुक होंगे उन्हीं का टेस्ट कराया जाएगा।
हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि प्रशासन से बात की गई है। टेस्ट की व्यवस्था की जा रही है। पहले चरण में कैंप लगाकर वकीलों का रैपिड टेस्ट कराया जाएगा। कैंप शहर के विभिन्न इलाकों में लगवाए जाएंगे, ताकि वकील अपने घर के नजदीक ही इस सुविधा का लाभ ले सकें।
जो वकील टेस्ट कराने के इच्छुक होंगे, उनको एक फार्म भरना होगा। रैपिड टेस्ट में यदि किसी का पॉजिटिव आता है और आगे जांच की जरूरत होगी तो उसके अनुसार व्यवस्था की जाएगी। इससे हाईकोर्ट परिसर आने वाले वकीलों से संक्रमण के प्रसार को रोकने में मिलेगी।