Prayagraj : वकील की पिटाई के खिलाफ हाइकोर्ट बार एसो. ने दाखिल की पत्र याचिका
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मंगलवार को हिंदू हॉस्टल चौराहे पर अधिवक्ताओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने व मारपीट करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पत्र याचिका दाखिल की है।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मंगलवार को हिंदू हॉस्टल चौराहे पर अधिवक्ताओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने व मारपीट करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पत्र याचिका दाखिल की है। मुख्यमंत्री योगी की फ्लीट गुजरने वाले रास्ते पर अधिवक्ताओं की पिटाई की जानकारी मिलने के बाद बार एसोसिएशन की ओर से इस पर संज्ञान लिया गया। एसो. पदाधिकारियों ने मुख्य न्यायधीश से मिलकर पुलिस के खिलाफ पत्र याचिका दाखिल की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी की ओर से दाखिल पत्र याचिका में वकीलों संग मारपीट और अभद्रता करने वाले सभी दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश पारित करने की मांग की गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना को रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक को उचित निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह हिन्दू हॉस्टल चौराहे पर सीएम योगी की फ्लीट को रास्ता देने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को लेकर कोर्ट जा रहे अधिवक्ताओं ने विरोध किया। आरोप है कि वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने एक वकील को बाइक से उतार कर पीटना शुरू कर दिया और कपड़े तथा बैंड फाड़ दिया। सोशल मीडिया पर घटना की वीडियो वायरल होने के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया।
वकीलों से दोबारा अभद्रता का आरोप, हड़ताल घोषित करने का प्रस्ताव पेश
बार एसोसिएशन के सचिव विक्रांत पांडे ने बताया कि सुबह हुए विवाद के बाद शाम को कोर्ट से लौट रहे अधिवक्ताओं संग दोबारा बालसन चौराहे पर पुलिस ने अभद्रता की है। सचिव ने पुलिस के इस रवैए के खिलाफ हड़ताल घोषित करने का प्रस्ताव पेश किया है।
अधिवक्ताओं संग पुलिस का रवैया बेहद आपत्तिजनक है। मारपीट करना आपराधिक कृत्य है। इसके सभी दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार को सीएम और पीएम के नगर आगमन का विरोध करेंगे। - अनिल तिवारी, अध्यक्ष, हाइकोर्ट बार एसोसिएशन