New Year : भीषण सर्दी पर भारी पड़ा 2025 का जोश, हर तरफ जश्न का शोर
सिविल लाइंस से लेकर जॉर्जटाउन, मेडिकल चौराहा, बालसन समेत अन्य इलाकों के होटलों, क्लबों में शाम से ही 31 दिसंबर का जश्न शुरू हो गया था। सर्दी की परवाह किए बगैर युवक-युवतियां नए साल के लिए पार्टियों में शामिल हुए। नए साल की पहली सुबह लोगों ने ज्यादातर समय पार्कों और संगम तट पर बिताया।
विस्तार
गुड बाय 2024...वेलकम 2025! रात 12 बजते ही गीत-संगीत का धमाल आसमान छूने लगा। वेलकम सॉन्ग के साथ लोग एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहते हुए बधाई देने लगे। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान पट गया। जो जहां था, जश्न में शामिल हो गया।
सिविल लाइंस से लेकर जॉर्जटाउन, मेडिकल चौराहा, बालसन समेत अन्य इलाकों के होटलों, क्लबों में शाम से ही 31 दिसंबर का जश्न शुरू हो गया था। सर्दी की परवाह किए बगैर युवक-युवतियां नए साल के लिए पार्टियों में शामिल हुए। फूलों और आकर्षक लाइटों से सजे पार्कों, लॉनों और होटलों में समूह नृत्य देखने लायक थे। सिविल लाइंस के होटल क्लार्क इन अजय इंटरनेशनल में 2024 को नृत्य-संगीत संग विदा किया और नए साल का स्वागत किया। होटल मिलेनियम इन में नृत्य के अलावा चुटकुलों और हास्य कविताओं पर जमकर ठहाके लगे।
वर्ष के अंतिम मंगलवार को सजे और पूजे गए हनुमानजी
वर्ष के अंतिम मंगलवार को बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर को बहुरंगी फूलों से मनोहारी शृंगार किया गया। रंग-बिरंगे गुब्बारों और अन्य कलाकृतियों से सजाया गया। आरती के बाद सर्वमंगल की कुशलता और सभी के स्वस्थ रहने की कामना की गई। एकलव्य चौराहे के पास स्थित हनुमान मंदिर में रामचरितमानस का अखंड पाठ हुआ। न्यायविद हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस के हनुमत निकेतन में साल के आखिरी दिन दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
गुलजार रहा हाथी और आजाद पार्क
मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क, हाथी पार्क, भरद्वाज आश्रम और आनंद भवन गुलजार रहा। महाकुंभ को देखते हुए पार्कों की सजावट लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही थी। जगह-जगह लोग देर रात तक सेल्फी लेते रहे। खानपान की दुकानों पर देर रात तक जमावड़ा लगा रहा। तारामंडल में कौशाम्बी, भदोही, फैजाबाद, वाराणसी से स्कूलों के बच्चे भी घूमने आए थे।
बेकरी शॉप पर रही भीड़
सिविल लाइंस स्थित कामधेनु स्वीट्स, पैराडाइज, पैरामाउंट बेकर्स से लोगों ने डिजाइनर केक खरीदे। इस दौरान बेकरी व मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। कामधेनु स्वीट्स के इंदर मध्यान ने बताया कि इस बार सीजन अच्छा गया। छोटे केक भी खूब बिके। इसी तरह स्टेट्समैन बेकरी के राशिद सगीर ने बताया कि युवाओं ने केक खरीदने में काफी दिलचस्पी दिखाई।
25 में गुलाब, 200-300 रुपये में गुलदस्ते बिके
31 दिसंबर की शाम फूलों का बाजार चटख हो गया। सिविल लाइंस में गुलाब 20 से 30 रुपये प्रति पीस बिका। नैनी फूल मंडी में गुलाब 500 रुपये प्रति गठरी, गुलदस्ता-बुके 200 से 300 रुपये में बिके। फूल मंडियों में गुलाब, गेंदा, आर्किड, फुलदादी, गुलदस्ते, बुके, गेंदा के फूल की माला, अशोक की पत्तियां और एरिका के पत्ते खरीदने को भीड़ रही।