Harassment : विद्युत विभाग के दफ्तर पहुंची पुलिस, छेड़खानी की शिकार महिला कर्मचारी से पूछताछ
घटना के बारे में जानकारी ली और आरोपी के बारे में भी पूछा। पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद थाने आकर बयान दर्ज कराने को कहा। जार्जटाउन थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
जार्जटाउन में विद्युत विभाग के दफ्तर में महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के मामले की जांच शुरू हो गई है। सोमवार को पुलिस दफ्तर में पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। उसे बयान के लिए थाने बुलाया गया है। बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जार्जटाउन पुलिस दोपहर में विद्युत नगरीय निर्माण खंड प्रथम कार्यालय में पहुंची। यहां पहुंचकर पीड़िता से घटना के संबंध में पूछताछ की।
घटना के बारे में जानकारी ली और आरोपी के बारे में भी पूछा। पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद थाने आकर बयान दर्ज कराने को कहा। जार्जटाउन थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मूल रूप से गैरजनपद की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सहकर्मी ने उससे अश्लील हरकत की। सहकर्मी जीतेंद्र कुमार निवासी फतेहपुर आते-जाते उसका हाथ पकड़कर खींचता है। साथ ही गलत तरीके से हाथ लगाता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। 10 नवंबर की शाम 4.30 बजे वह टॉयलेट गई थी। तभी वह आया और खींचतान करते हुए उससे जबरदस्ती करने लगा। वह किसी तरह से शोर मचाकर वहां से भागी और तब जाकर उसकी जान बच सकी।
चार दिन में नहीं पूरी हुई विभागीय जांच
उधर इस मामले में गठित विभागीय कमेटी की जांच चार दिन बाद भी पूरी नहीं हो सकी। गौरतलब है कि विद्युत विभाग के अफसरों ने बताया था कि पीड़िता की शिकायत पर कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी में दो महिलाकर्मी व एसडीओ शामिल हैं। एक्सईएन वीके सक्सेना ने बताया कि अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। उम्मीद है कि दो दिन के भीतर जांच पूरी हो जाएगी। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।