Prayagraj : एसी में खर्राटे भरते मिले गार्ड, एटीएम मशीनें ज्यादातर खराब, कैश के लिए लोग परेशान
शहर के आधे से ज्यादा एटीएम में या तो कैश नहीं है या फिर मशीनें बंद पड़ी हैं। अमर उजाला की पड़ताल में शुक्रवार को एसबीआई के अधिकतर एटीएम खराब पाए गए। हाईकोर्ट के गेट नंबर तीन के पास लगा एसबीआई बैंक का एटीएम पिछले 15 दिनों से खराब है। दोपहर दो बजे इस एटीएम में पहुंचे एटा के श्रीप्रकाश को दो हजार रुपये की जरूरत थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्राइम लोकेशन वाले महंगे किराये वाले कमरे, उच्च क्षमता वाली एसी, चौबीस घंटे रखवाली के लिए गार्ड और मेंटीनेंस के नाम पर अलग से खर्च के बावजूद शहर में खोले गए बैंकों के कई एटीएम मशीन लोगों के काम नहीं आ रहे हैं। चाहे हाईकोर्ट के पास स्थित एसबीआई का एटीएम हो या फिर रोबोट चौराहा का आईसीआईसीआई और जार्ज टाउन का एक्सिस बैंक का एटीएम हो। यहां अक्सर मशीन खराब कि तख्तियां लटकी नजर आ रही हैं। इससे शहरवासी परेशान हैं।
शहर के आधे से ज्यादा एटीएम में या तो कैश नहीं है या फिर मशीनें बंद पड़ी हैं। अमर उजाला की पड़ताल में शुक्रवार को एसबीआई के अधिकतर एटीएम खराब पाए गए। हाईकोर्ट के गेट नंबर तीन के पास लगा एसबीआई बैंक का एटीएम पिछले 15 दिनों से खराब है। दोपहर दो बजे इस एटीएम में पहुंचे एटा के श्रीप्रकाश को दो हजार रुपये की जरूरत थी।
उन्हें वकील को रकम देनी थी। एटीएम में जाने पर जब मशीन खराब होने की तख्ती लटकी मिली तो वह निराश होकर लौटने लगे। गार्ड चंद्रबहादुर ने उनसे जब पूछा कि सर कितने रुपये निकालने थे? उनका उत्तर था सिर्फ दो हजार। तब गार्ड ने अपने मोबाइल के पेटीएम बार कोड पर उनसे उतनी रकम लेकर उन्हें नकद दो हजार रुपये दिए।
गार्ड से जब मशीन खराब होने की वजह पूछी गई तब उसका कहना था कि कई दिन से कोशिश की जा रही है, लेकिन मशीन बन नहीं पा रही है। दिन भर सैकड़ों लोग यहां से वापस जा रहे हैं। गार्ड की मानें तो इंजीनियर संदीप ने कहा है कि इसकी जगह पर अब नई मशीन लगेगी। इसी तरह यहां से चंद कदम आगे महाधिवक्ता कार्यालय परिसर में लगे एसबीआई के चार एटीएम भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
इनमें से एक मशीन हाल में ही में आई है, जो अभी तक चालू नहीं हो सकी है। एक महीनों से खराब है। बाकी दो में से एक में इस दिन कैश खत्म था तो दूसरी भी सर्वर डाउन होने से बंद पड़ी थी। तेलियरगंज निवासी अधिवक्ता संतोष पाल का कहना था कि यहां आए दिन एटीएम मशीन खराब होने से लोगों को भटकना पड़ता है। इसी तरह हाईकोर्ट गेट नंबर-छह के सामने का यूनियन बैंक का एटीएम भी बंद पाया गया। वहां लोगों का कहना था कि वह एटीएम सालभर से बंद पड़ा है। इसी तरह प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म 7,8,9 व 10 को जाने वाले पीछे के मार्ग पर लगा एसबीआई की एटीएम मशीन खराब पाई गई।
गार्ड तरुण ने बताया कि मरम्मत करने वाली एजेंसी से एटीएम की खराबी की शिकायत कर दी गई है, कब तक बनेगा यह इंजीनियर ही बताएंगे। राजरूपपुर से आए रोहित का कहना था कि वह एटीएम मशीन पिछले एक महीने से खराब पड़ी है। प्रयागराज जंक्शन के प्रवेश द्वार पर लगा एसबीआई एटीएम भी खराब पड़ा है। वहां गार्ड एसी में खर्राटे भरता पाया गया। एसबीआई बैंक की इनटच शाखा में लगी तीन एटीएम मशीनों में एक खराब पड़ी है। इसी तरह लक्ष्मी टॅाकिज चौराहे के पास के आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम और जार्जटॅाउन सोनल अपार्टमेंट के सामने एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन भी खराब पड़ी है।
कोट
मेरे रिकॉर्ड में 95 प्रतिशत एटीएम मशीनें क्रियाशील हैं। अगर प्राइम लोकेशन पर इतनी अधिक संख्या में मशीनें खराब पड़ी हैं, तो इसकी जांच कराई जाएगी। इसके लिए जिम्मेदार एजेंसी या अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - मनीष मठपाल, एजीएम-एसबीआई, प्रयागराज