Prayagraj Crime : दुर्गापूजा देखने गई आठ वर्षीय मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या, घर से 200 मीटर दूर मिला शव
प्रयागराज के सोरांव इलाके में शुक्रवार को घर से 200 मीटर दूर खेत में एक आठ वर्षीय बालिका की रंक्तरंजित लाश मिली। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। बच्ची बृहस्पतिवार की देर शाम गांव में दुर्गा पूजा देखने के लिए निकली थी, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटी।
विस्तार
सोरांव के एक गांव में दुर्गापूजा देखने गई आठ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। वह बृहस्पतिवार शाम से ही लापता थी और सुबह उसका शव घर से 200 मीटर दूर स्थित खेत में मिला। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दुष्कर्म की बात पर फिलहाल पुलिस अफसरों का यह कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।
बच्ची के पिता व अन्य परिजन प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। सिल-बट्टा बनाने का काम करते हैं। वह पत्नी व पांच बच्चों के साथ सोरांव में रहता है। साथ में ही उसके ससुरालीजन भी रहते हैं। मृतका भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। पिता कई दिनों से बीमार है और उसे रोजाना इंजेक्शन लगता है। रोज की तरह बृहस्पतिवार शाम भी उसकी दूसरे नंबर की बेटी ने मेडिकल स्टोर से लाकर उसे इंजेक्शन लगवाया। आधी दवा बची थी, ऐसे में वह शिवगढ़ चौराहे स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंची और उसे फ्रिज में रखवाकर चली गई।
मां ने बताया कि घर से जाते वक्त उसने 10 रुपये मांगे थे और कहा था कि वह दुर्गापूजा देखते हुए वापस आएगी। हालांकि, फिर उसका कुछ पता नहीं चला। देर हुई तो घरवालों ने खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश चलती रही, लेकिन उसकी कोई खबर नहीं मिली। सुबह आठ बजे के करीब घर से 200 मीटर दूर स्थित मुन्ना के खेत में उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
पोस्टमार्टम में मिले गंभीर चोट के निशान
जानकारी पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। कुछ देर बाद सोरांव थाने की पुलिस और फिर अफसर भी आ गए। जांच व परिजनों से पूछताछ के बाद शव को मोर्चरी भेजा गया। देर शाम पोस्टमार्टम कराया गया जिसमें बच्ची के सिर व हाथ में चोट के निशान मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि वैजाइनल स्वैब की स्लाइड जांच के लिए सुरक्षित की गई है।
पांच मीटर दूर मिले कपड़े, पास ही पड़ा था डंडा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव की जो हालत थी, उससे साफ है की बच्ची के साथ दरिंदगी की गई। उसने टीशर्ट तो पहन रखी थी, लेकिन उसकी लैगी करीब पांच मीटर दूरी पड़ी मिली। कुछ दूर पर ही एक डंडा पड़ा हुआ था और आशंका है कि उसी से वारकर उसे मौत के घाट उतारा गया। उधर, पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने किसी से काेई विवाद होने की बात से इन्कार किया।
सुबह 10:30 बजे खेत में बच्ची का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम 6:30 बजे वह मेडिकल स्टोर पर गई थी। बच्ची के सिर व हाथ में डंडे से चोट पहुंचाने के निशान हैं। मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम में ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। - -कुलदीप सिंह, गुनावत, डीसीपी गंगानगर।