छतनाग में गंगा सवा पांच सेमी तो नैनी में यमुना 10 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा जलस्तर
पहाड़ी और मैदानी दोनों ही इलाकों में लगातार हो रही बारिश से गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। छतनाग में गंगा सवा पांच सेमी तो नैनी में यमुना 10 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं।
विस्तार
पहाड़ी और मैदानी दोनों ही इलाकों में लगातार हो रही बारिश से गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। छतनाग में गंगा सवा पांच सेमी तो नैनी में यमुना 10 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं। बाढ़ इकाई की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की रात आठ बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.08 मीटर, छतनाग में 77.15 मीटर और नैनी में 77.78 मीटर पहुंच गया। हालांकि, यह अभी खतरे के निशान से बहुत नीचे है।
रिपोर्ट के मुताबिक गंगा के मुकाबले यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। यमुना का जलस्तर शुक्रवार की रात आठ बजे 76.30 मीटर रिकार्ड किया गया था। 24 घंटों में यमुना का जलस्तर 1.38 मीटर बढ़कर 77.78 पर पहुंच गया। जबकि गंगा फाफामऊ में प्रतिघंटे तीन सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रही हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार की रात आठ बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.80 मीटर रिकार्ड किया गया था जबकि छतनाग में 75.86 मीटर था।