TGT Bharti : 32 की उम्र में भरा फॉर्म, 45 के हो गए पर पूरी नहीं हुई भर्ती, यूपीईएसएससी पर दबाव
इंद्रपाल तो एक उदाहरण मात्र हैं। टीजीटी जीव विज्ञान के 86 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2011 में जब विज्ञापन आया था तो लगभग एक लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे थे। अभ्यर्थियों के लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2016 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई और माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने एक अगस्त 2023 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया।
विस्तार
महोबा के रहने वाले इंद्रपाल ने 32 वर्ष की उम्र में अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) जीव विज्ञान के पदों पर भर्ती के लिए फॉर्म भरा था। इंद्रपाल अब 45 वर्ष के हो चुके हैं, उनकी शादी भी हाे गई है और उनके बच्चे अब स्कूल जाते हैं लेकिन इंद्रपाल भर्ती पूरी होने के इंतजार में अब तक बेरोजगार हैं।
इंद्रपाल तो एक उदाहरण मात्र हैं। टीजीटी जीव विज्ञान के 86 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2011 में जब विज्ञापन आया था तो लगभग एक लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे थे। अभ्यर्थियों के लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2016 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई और माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने एक अगस्त 2023 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया।
लिखित परीक्षा का परिणाम आने के बाद अभ्यर्थियों को तब बड़ा झटका लगा, जब 86 की जगह केवल 35 पदों के लिए 165 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी इंद्रपाल, सचिन कुमार, प्रवीण कुमार और प्रदीप कुमार चौधरी कहना है कि 13 वर्षों से तकनीकी पेच में उलझी इस भर्ती काे हाईकोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद अब शिक्षा सेवा चयन आयोग को इंटरव्यू कराके अंतिम चयन परिणाम घोषित करना है।
अभ्यर्थियों के मुताबिक कोर्ट ने शिक्षा सेवा चयन आयोग को इंटरव्यू शीघ्र कराने का आदेश दिया है लेकिन आयोग ने इंटरव्यू को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है। अभ्यर्थियों ने शिक्षा सेवा चयन आयोग की अध्यक्ष से आग्रह किया है कि हाईकोर्ट के आदेश व अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए जल्द से जल्द टीजीटी जीव विज्ञान 2011 का साक्षात्कार कराया जाए।
उधर, शिक्षा सेवा चयन आयोग के सूत्रों का कहना है कि आयोग ने हाल ही में अपना खाता खोलते हुए अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर रसायन विज्ञान की भर्ती को पूरा करने करते हुए लंबित रह गए 13 पदों का परिणाम भी घोषित कर दिया है। आयोग नई भर्ती शुरू करने से पहले लंबित भर्तियों को पूरा करना चाहता है और इसी क्रम में अब टीजीटी जीव विज्ञान की भर्ती प्रक्रिया पर तेजी से काम शुरू हुआ है। अभ्यर्थियों को ज्यादा दिन इंतजार नहीं करना होगा।