हाई अलर्ट पर रही फोर्स, पीएम रूट पर सन्नाटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीएम का आगमन तो दोपहर करीब तीन बजे हुआ लेकिन बाकी मुख्यमंत्री और तमाम वीआईपी शनिवार रात और रविवार सुबह तक आ चुके थे। सभी होटलों और सर्किट हाउस पर शनिवार से ही पुलिस, पीएसी और पैरा मिलेट्री फोर्स का पहरा बैठा दिया गया था। प्रधानमंत्री के ठहरने के स्थानों कान्हा श्याम और सर्किट हाउस में एंटी सबोटाज चेक टीम ने लगातार निरीक्षण किया। दूसरे जिलों से आए पुलिस बल और पैरामिलेट्री फोर्स को रविवार सुबह आठ बजे से पीएम सिक्योरिटी में मुस्तैद कर दिया गया। बमरौली एयरपोर्ट से मुंडेरा, सुलेमसराय, चौफटका, हाईकोर्ट से पत्थर गिरजाघर होते कान्हा श्याम होटल, सर्किट हाऊस, केपी कॉलेज मैदान तक ट्रैफिक पर रोक लगा दी गई थी। पीएम के आगमन से घंटा भर पहले पुलिस की हूटर बजाती गाड़ियों ने पूरा रूट क्लीयर करा लिया। न पैदल राहगीर न कोई दोपहिया गाड़ी।
सड़क पर एकदम सन्नाटा। एयरपोर्ट से लेकर सिविल लाइंस तक के रूट में तकरीबन सभी दुकानें भी बंद रहीं। सिविल लाइंस में तो हाईकोर्ट से केपी कॉलेज तक पुलिस बल और पैरा मिलेट्री फोर्स की चप्पे-चप्पे पर तैनाती की वजह से एक भी दुकान नहीं खुली। पीएम मोदी के केपी कॉलेज जाने के बाद शाम को पुलिस सख्ती कम होने पर कुछ दुकानें और खासतौर से रेस्टोरेंट खुले। शाम को सुरक्षाबलों ने केपी कॉलेज के चौतरफा सुरक्षा घेरा कस दिया था। मेडिकल चौराहे और सीएमपी कॉलेज के सामने से आम वाहनों को केपी कॉलेज की तरफ नहीं जाने दिया गया। केवल वीआईपी, सुरक्षाबलों और पासधारकों की गाड़ियों को ही जाने दिया गया। उधर, पीएम की सर्किट हाउस में मौजूदगी के दौरान बाबा चौराहा और इंदिरा मूर्ति चौराहा से वाहनों के सर्किट हाउस की तरफ जाने पर रोक रही।
शाम करीब साढ़े चार बजे पीएम मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत दूसरे केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के कार्यसमिति की बैठक में शािमल होने के लिए पहुंचने के बाद केपी कॉलेज मैदान सीआरपीएफ और आईटीबीपी के स्पेशल कमांडों के घेरे में आ गया। केपी कॉलेज के दोनों गेट पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडों मुस्तैद हो गए। पासधारक शख्स भी खुफिया और कमांडों के पैनी निगाहों से गुजरे। कॉलेज के अंदर भी वीआईपी पंडाल के चौतरफा और मैदान की पिछली चहारदीवारी के आसपास भी पुलिस के साथ ही पैरा मिलेट्री फोर्स के जवानों का पहरा रहा। एसएसपी जोगेंद्र कुमार भी केपी कॉलेज में लगातार सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेते हुए मातहत पुलिस अधिकारियों को हिदायत देते रहे।
केपी कॉलेज मैदान में छत पर तैनात बांदा क्राइम ब्रांच का सिपाही विकास सिंह (26) शाम करीब पांच बजे अचानक गश खाकर गिरा तो उसके साथियों ने अफसरों को खबर दी। सिपाही को जार्जटाउन थाने की पुलिस ने एसआरएन अस्पताल पहुंचाया तो उसका इलाज शुरू हुआ। सिपाही सुबह दस बजे से ही छत पर मुस्तैद था। तेज गर्मी और उमस के चलते उसकी तबीयत बिगड़ी। इलाज होने पर उसकी हालत सामान्य हुई।