प्रयागराज : फूलपुर मेले में फायरिंग, तमंचे के बट से पीटकर किया अधमरा
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोगवारा गांव के रहने वाले आदर्श तिवारी पुत्र नवनीत तिवारी का आरोप है कि वह फूलपुर भरत मिलाप की रात मेला देखने गया था।
विस्तार
तमंचे के बट से पीटकर कई लोगों ने एक युवक का अधमरा कर दिया और छोड़कर भाग निकले। युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुक्तभोगी की तहरीर पर 6 युवकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोगवारा गांव के रहने वाले आदर्श तिवारी पुत्र नवनीत तिवारी का आरोप है कि वह फूलपुर भरत मिलाप की रात मेला देखने गया था। करीब 10 बजे शुक्लाना मोहल्ले में मेले के दौरान असलहों से लैस होकर पहुंचे करीब 14 युवकों ने जान से मरने की नियत से उस पर कट्टे से फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। फिर कट्टे की बट से भुक्तभोगी के सिर पर कई बार मारा।
घटना में युवक का दाहिना हाथ टूट गया। बेहोशी की हालत में वह पड़ा रहा। एंबुलेंस की सहायता से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भुक्तभोगी युवक के मुताबिक प्रतापपुर में कोचिंग के दौरान आरोपी युवकों से कहासुनी हो गई थी। तभी से वे उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
भुक्तभोगी आदर्श तिवारी ने कोतवाली में तहरीर देकर विराज यादव, अंकुश यादव, बीरू यादव उर्फ शूटर निवासीगण बसनेहटा थाना फूलपुर व विवेक चौधरी निवासी बरेस्ता थाना फूलपुर नवनीत यादव निवासी अड़रिया बीबीपुर फूलपुर,रिंकू पाल निवासी हवासाबाद थाना फूलपुर को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।