नागपंचमी पर खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव से लगी आग ने नौ घर जला दिए। आग पर काबू पाने के प्रयास में 12 लोग झुलस गए। उन्हें अस्पताला ले जाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर एसआरएन रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना से चीखपुकार मची रही।
बाघराय थाना क्षेत्र के देवरी हरदोपट्टी गांव निवासी सखीलाल की पत्नी सपना देवी सोमवार को नागपंचमी पर भोजन बना रही थी। इस दौरान अचानक गैस की पाइप लीक हो गई। इससे आग लग गई। चपेट में आने से सपना झुलस गई। उसकी चीख सुनकर बचाने पहुंचा सखीलाल भी झुलस गया। शोरशराबे पर आसपास के लोग दौड़े और सिलेंडर को बालू में दबाकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब आसपास के घरों में भी आग फैल गई। इससे पूरी बस्ती में हाहाकार मच गया। आसपास के नौ छप्पर जलने लगे। आग बुझाने के प्रयास में मूलचंद पुत्र रामखेलावन, धर्मेंद्र कुमार पुत्र सुखलाल, सुखपति पत्नी रामखेलावन, बीटोला पत्नी जगेश्वर, प्रिंसी पुत्री श्यामलाल, रेनू पत्नी सुनील, सुखी लाल पुत्र रामखेलावन, हसीना पुत्री श्यामलाल, श्यामलाल पुत्र खिलाड़ी, जगेश्वर पुत्र खिलाड़ी, निर्मला पत्नी श्यामलाल झुलस गए। सूचना पर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों के साथ ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। इसमें गंभीर रूप से झुलसे सूखीलाल व मूलचंद को सीएससी बाघराय से एसआरएन प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना में गांव में श्यामलाल, जगेश्वर, रामखेलावन, मूलचंद, फूलचंद, सुनील कुमार, प्रेमचंद, चौकी लाल के घर और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। प्रधान ने पीड़ितों को राशन उपलब्ध कराया।

कुंडा के देवरी हरदो पट्टी गाव में गैस रिसाव से लगी आग में झुलसे युवक को मरहम लगाते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH

कुंडा के देवरी हरदो पट्टी गाव में गैस रिसाव से लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी।- फोटो : PRATAPGARH