Prayagraj : आरटीओ कार्यालय में दूसरे दिन फिर लगी आग, जलीं दो दर्जन फाइलें, साजिश की आशंका
संभागीय परिवहन कार्यालय में लगातार दूसरे दिन वृहस्पतिवार को आग लग गई। दोपहर करीब एक बजे परिसर में स्थित सारथी भवन में लपटें उठने लगीं। जिसके बाद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
विस्तार
संभागीय परिवहन कार्यालय में लगातार दूसरे दिन वृहस्पतिवार को आग लग गई। दोपहर करीब एक बजे परिसर में स्थित सारथी भवन में लपटें उठने लगीं। जिसके बाद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान सारथी भवन में रखीं दो दर्जन फाइलें जल गई।
संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग के पीछे का कारण शॉट सर्किट माना जा रहा है। लेकिन लगातार दूसरे दिन आग की घटना ने आरटीओ प्रशासन को सोचने पर मजबूर कर दिया। जिसके बाद सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राजीव चतुर्वेदी ने धूमनगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दिया है।
यह घटना उस समय हुई जब आरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा सप्ताह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सारथी भवन से धुंआ उठता देखा गया। जिसके बाद लोगों ने देखा कि भवन में रखीं कुछ फाइलें जल रही हैं। जिसके बाद पानी व मिट्टी डालकर आग को बुझाया गया।
थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। वहीं पड़ताल के दौरान पाया गया कि फाइलों के ऊपर बना बिजली का बोर्ड गला हुआ था। जिस कारण शॉट सर्किट का अंदेशा लगाया जा रहा है। आनन फानन में अन्य फाइलों को वहां से हटाया गया। मगर दूसरे दिन हुई कि घटना ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।
ड्राइविंग लाइसेंस की फाइलें
सारथी भवन ड्राइविंग लाइसेंस संबंधित सभी कार्य होते थे। वहीं 2021 में यहां से ड्राइविंग लाइसेंस विभाग को हटाकर नैनी के आईआईटी कालेज के परिसर में स्थापित कर दिया गया। जिसके बाद से इस भवन में सिर्फ फाइलों को ही रखा गया था।
इस घटना के बाद एआरटीओ राजीव चतुर्वेदी ने इस भवन में सीसीटीवी कैमरा लगाने, भवन की खिड़कियों और दरवाजे को बंद करने का आदेश दिया है। वहीं इस भवन में अन्य सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएंगे।
आग लगने से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। कुछ फाइलें थोड़ी जली हैं। मगर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ धूमनगंज थाने में मेरे द्वारा तहरीर दी गई है। - राजीव चतुर्वेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)