ब्लाक प्रमुख के चुनाव में ज्यादातर सीटों पर भाजपा एवं सपा के बीच लड़ाई
- कुल 60 लोगों ने किया नामांकन, कौंधियारा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार का पर्चा खारिज
- 2 ब्लाक में सिर्फ दो उम्मीदवार, बहादुरपुर, कौड़िहार एवं हंडिया में चार-चार लोगों ने किया नामांकन
विस्तार
ब्लाक प्रमुख की ज्यादातर सीटों पर भाजपा और सपा के बीच मुकाबला होता दिख रहा है। 11 ब्लाक में तो सिर्फ भाजपा और सपा समर्थित उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। यानि, इन सीटों पर इनके बीच सीधा मुकाबला है। कोरांव में इन दोनों दलों के अलावा बसपा के पूर्व विधायक राजबलि जैसल की पत्नी राजकुमारी ने भी नामांकन किया है। ऐसे में वहां त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है। शुक्रवार को प्रत्याशी नाम वापस ले सकते हैं। शनिवार को मतदान होगा। किसी तरह का विवाद नहीं हुआ तो शाम तक सभी ब्लाक के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
भारी सुरक्षा के बीच बृहस्पतिवार को दिन में 11 से तीन बजे के बीच नामांकन हुआ। कुल 94 लोग नामांकन फार्म ले गए थे लेकिन उनमें से 60 ने ही नामांकन किया। इनमें से भी काैंधियारा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सोम करन पटेल का नामांकन निरस्त हो गया। इस तरह से अब 59 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। बहादुरपुर ब्लाक में भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी लेकिन निवर्तमान ब्लाक प्रमुख अरुणेंद्र यादव के नामांकन में जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेता शामिल हुए।
12 ब्लाक में दो-दो लोगों ने नामांकन किया है। वहीं बहादुरपुर,कौड़िहार एवं हंडिया में चार-चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। शेष नौ ब्लाक में तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। शुक्रवार को दिन में 11 से तीन बजे के बीच नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद ब्लाकवार प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व एमपी सिंह ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्वक निपट गई। कहीं से विवाद की शिकायत नहीं है।
कौंधियारा में इंद्रनाथ का हो सकता है निर्विरोध निर्वाचन
कौंधियारा ब्लाक में सपा समर्थित इंद्रनाथ मिश्रा का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। कौंधिकारा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सोम करन पटेल को प्रस्तावक और समर्थक ही नहीं मिले। इसकी वजह से उनका नामांकन खारिज हो गया। वहीं सोम करन ने आरोप लगाया है कि सपा उम्मीदवार ने उनके प्रस्तावक और समर्थक को बंधक बना रखा था। इसकी वजह से वे नामांकन के लिए नहीं पहुंच सके। उन्होंने थाने में भी यह शिकायत की है। इस सीट पर इंद्रनाथ के अलावा उनकी बहू आस्था ने भी नामांकन किया है। हालांकि, सपा नेताओं का कहना है कि आस्था शुक्रवार को नाम वापस ले लेंगी। आस्था नाम वापस ले लेती हैं तो इंद्रनाथ तीसरी बार ब्लाक प्रमुख निर्वाचित होंगे। इससे पहले 1988 और 1995 में भी ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुए थे। इनके अलावा इंद्रनाथ की बहू अन्नू मिश्रा ब्लाक प्रमुख रही हैं। इस तरह ब्लाक प्रमुख की यह सीट लंबे समय से इस परिवार के पास रही है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की बहू ने दाखिल किया पर्चा
मांडा में ब्लॉक प्रमुख पद के दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विजय शंकर दूबे भारी पुलिस बल के साथ ब्लॉक पर मौजूद रहे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह की बहू एवं भाजपा समर्थित मांडा प्रमुख पद की दावेदार प्रगति सिंह का नामांकन पर्चा दोपहर लगभग 12 बजे ब्लॉक मुख्यालय पर दाखिल किया गया। नामांकन पर्चा प्रगति सिंह के पति धनवंत सिंह ने जमा किया। जबकि सपा समर्थित प्रमुख पद की दावेदार ज्योति पांडेय ने सपाइयों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सीओ मेजा भीम कुमार गौतम, इंस्पेक्टर मांडा अवन कुमार दीक्षित, ईओ स्वतंत्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रयागराज। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ प्रत्याशियों की क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में करने की चुनौती बढ़ गई है। शनिवार को ही मतदान है। ऐसे में यह चुनौती और बढ़ गई है। ऐसे में सदस्यों की घेराबंदी तेज कर दी गई है। इसके लिए पार्टी के नेताओं तथा क्षेत्र के प्रमुख लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामांकन के दौरान भी यह घेराबंदी दिखी और ज्यादातर प्रमुख नेता ब्लाक पर मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से जिलाध्यक्षों तथा अन्य पदाधिकारियों के अलावा सभी सांसद एवं विधायक भी अलग-अलग ब्लाक में नामांकन के दौरान मौजूद रहे। यही स्थिति सपा में भी रही। पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ ब्लाक पर मौजूद रहे। सपा की ओर से क्षेत्र में पकड़ रखने वाले नेताओं को बीडीसी सदस्यों को अपने पक्ष में रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सपा के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव में सक्रिय तथा भितरघात करने वाले नेताओं की रिपोर्ट मांगी है। यह रिपोर्ट नेताओं का राजनीतिक भविष्य भी तय करेगी। ऐसे में सपा नेताओं की सक्रियता और बढ़ गई है। नामांकन के बाद नेताओं का जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय पर जमावड़ा हुआ। बैठक में चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने ब्लाक प्रमुख के ज्यादातर सीट पर जीत का दावा किया। बैठक में एमएलसी डॉ.मान सिंह, अदील हमजा, संदीप पटेल, राम सुमेर पाल, महेश यादव, दान बहादुर मधुर आदि मौजूद रहे।