फर्जी दरोगा कर रहा था वसूली गिरफ्तार, भेजा गया जेल
घूरपुर के करमा रोड से पकड़ा गया, चकिया कसारी-मसारी धूमनगंज का रहने वाला
घूरपुर (संवाद)। घूरपुर पुलिस ने फर्जी दरोगा को एक दर्जन बम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। घूरपुर पुलिस ने शुक्रवार को घूरपुर-करमा मार्ग पर घेराबंदी कर दरोगा की वर्दी पहने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर वह अपने को दरोग़ा बता कर रौब गांठने लगा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसकी असिलियत सामने आ गई। सिपाहियों ने उसकी तलाशी ली तो झोले में 12 बम बरामद हुए। उसे थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दरोगा की वर्दी में वह लोगों पर रौब जमा कर वसूली करता था और आपराधिक वारदातें भी करता था। पुलिस ने बताया कि उससे वर्दी, स्टार, पीकैप, पुलिस का मोनोग्राम लगा बेल्ट आदि बरामद किया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जीशान जाकिर पुत्र हुसैन निवासी चकिया कसारी मसारी, धूमनगंज के रूप में हुई। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उस पर करेली और शाहगंज थानों में मुकदमे दर्ज हैं।