अतीक के करीबियों पर नजर, जमानत निरस्त कराने कोर्ट जाएगी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
- हाईलेवल मीटिंग मेें फैसला, एसएसपी ने अफसरों संग की मंत्रणा
प्रयागराज। गुजरात जेल में बंद अतीक अहमद के गिरोह पर एक बार फिर पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। अब उसकी नजर अतीक के उन करीबियों पर है जो जमानत पर बाहर हैं। पुलिस उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए जल्द ही कोर्ट में अर्जी देगी। साथ ही फरार चल रहे सदस्यों की धरपकड़ में भी तेजी लाएगी। इस संबंध में एसएसपी ने हाईलेवल मीटिंग में रविवार रात मातहत अफसरों के दिशा निर्देश दिए।
पिछले दिनों अतीक अहमद गिरोह के कई सदस्यों को पुलिस ने अभियान चलाकर पकड़ा। उसके भाई एक लाख के इनामी अशरफ के रिश्तेदारों समेत कई करीबियों को न सिर्फ गिरफ्तार किया बल्कि उनके खिलाफ चार्जशीट भी लगा दी। हालांकि इसके बाद कार्रवाई ठप सी पड़ गई। उधर शासन की ओर से लगातार माफिया के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश मिल रहे हैं। इसी के तहत रविवार को एसएसपी ने मातहत अफसरों संग एक हाईलेवल बैठक की। इसमें अतीक व गिरोह से संबंधित मामलों के विवेचक के साथ ही संबंधित इंस्पेक्टर व पर्यवेक्षण अधिकारी शामिल हुए। एसएसपी ने अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ व गिरोह के अन्य सदस्यों व उनसे संबंधित मुकदमों की फाइल देखी। साथ ही उनकी प्रगति के बारे में भी जाना।
इस दौरान पता चला कि उसके कई गुर्गे जमानत पर बाहर हैं जबकि कुछ वांछित होने के बाद नहीं पकड़े जा सके हैं। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में माफिया पर कार्रवाई रुकनी नहीं चाहिए। यह भी कहा कि वांछित सदस्यों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, साथ ही अभियान चलाकर जेल के बाहर मौजूद अतीक के गुर्गों की जमानत निरस्त कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाए। बैठक में अफसरों ने बताया कि जिले में अतीक के खिलाफ दर्ज 13 मामलों में विवेचना पेंडिंग हैं। जिस पर उन्होंने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
अतीक अहमद गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। गिरोह के ऐसे सदस्य जो जमानत पर रहकर अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं, उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी। -अभिषेक दीक्षित, एसएसपी
करीबियों के घर छापा, दो सदस्यों की खुली हिस्ट्रीशीट
एसएसपी के निर्देश के बाद अगले ही दिन पुलिस एक्शन मोड में आ गई। मंगलवार को पुलिस ने अतीक के तीन करीबियों इमरान, आसिफ दुर्रानी व मो. मुस्लिम के घरों पर दबिश दी। साथ ही दुर्रानी समेत दो लोगों की हिस्ट्रीशीट भी खोली। सीओ सिविल लाइंस वृजनारायण सिंह ने धूमनगंज, खुल्दाबाद व कैंट थाने की फोर्स संग इमरान, दुर्रानी व मो. मुस्लिम के चकिया स्थित घरों पर छापा मारा। साथ ही फरार आरोपियों के संबंध में मुनादी भी कराई।
खास-खास
आईएस 227- गिरोह का लीडर है अतीक अहमद
121- कुल सक्रिय सदस्य हैं वर्तमान में गिरोह के
95- मुकदमे हैं मौजूदा समय में पूर्व सांसद अतीक पर
13- मुकदमों की विवेचना है लंबित
01- लाख का इनामी है अतीक का भाई अशरफ
25- हजार का इनाम घोषित है अतीक के करीबी इमरान पर