UPPSC : घोषणा के बाद भी 384 पदों पर शुरू नहीं हुई भर्ती प्रक्रिया, लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टाफ नर्स, स्टाफ नर्स आयुर्वेद समेत अन्य विभागों के कुल 2648 पदों के लिए अगस्त के दूसरे सप्ताह में विज्ञापन निकालने की घोषणा की थी। इनमें से स्टाफ नर्स के 2069 पदों के लिए 21 अगस्त से आवेदन मांगा गया, लेकिन स्टाफ नर्स आयुर्वेद के 300 पदों का विज्ञापन नहीं निकाला गया है।
विस्तार
प्रतियोगियों का स्टाफ नर्स समेत अन्य विभाग में 384 पदों पर भर्ती का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। घोषणा के बावजूद इन पदों के लिए विज्ञापन नहीं निकाला गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टाफ नर्स, स्टाफ नर्स आयुर्वेद समेत अन्य विभागों के कुल 2648 पदों के लिए अगस्त के दूसरे सप्ताह में विज्ञापन निकालने की घोषणा की थी। इनमें से स्टाफ नर्स के 2069 पदों के लिए 21 अगस्त से आवेदन मांगा गया, लेकिन स्टाफ नर्स आयुर्वेद के 300 पदों का विज्ञापन नहीं निकाला गया है।
इसके अलावा होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 54 तथा होम्योपैथिक प्रोफेसर के 27 पदों के लिए भी विज्ञापन का इंतजार है। आयोग ने भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में सहायक रसायन के दो तथा राज्य नियोजन संस्थान के प्रशिक्षण प्रभाग में उप निदेशक के एक पद के लिए भी विज्ञापन की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।
प्रवक्ता, एलटी ग्रेड के 5400 से अधिक पदों के लिए विज्ञापन निकालने की मांग
प्रतियोगियाें ने शनिवार को अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर नियमों में जरूरी बदलाव कर राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता तथा एलटी ग्रेड शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उन्होंने इस बाबत लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजने की मांग की। शीतला प्रसाद ओझा आदि प्रतियोगियों का कहना था कि एलटी ग्रेड के 5000 तथा प्रवक्ता के 400 पदों के लिए अधियाचन होने की बात कही जा रही है। उन्होंने इन पदों पर जल्द भर्ती करने की मांग की।