टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करते आठ टोलकर्मी गिरफ्तार
- एसओजी व बारा पुलिस ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई, सभी को जेल भेजा गया
- डीआईजी से की गई थी शिकायत, मौके से 24 हजार रुपये बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर्रो स्थित टोल प्लाजा पर बृहस्पतिवार रात एसओजी व बारा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आठ टोलकर्मियों को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वसूली के 24 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वसूली करने वालों का बड़ा गैंग है। पकड़े गए गुर्गे सिर्फ कलेक्शन एजेंट हैं। कई सफेदपोश भी जांच के दायरे हैं। जल्द ही उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी से शिकायत की गई थी कि हर्रो टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड ट्रकों के चालकों से 11 सौ रुपये प्रति ट्रक की वसूली की जा रही है। डीआईजी ने एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा से जांच को कहा।
रात में एसओजी और बारा पुलिस ने मौके पर छापा मारा तो एक दो नहीं आठ लोग ट्रकों से वसूली कर रहे थे। उनके पास से आठ मोबाइल और 24 हजार रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र सिंह, मनोज सोनकर, संत रमन यादव, शिवकुमार पटेल, धीरेन्द्र शुक्ल, छागुर यादव, शिवम चतुर्वेदी, मगन सिंह शामिल थे।
शुक्रवार को सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि वाहनों से वसूली का काम पूरा गैंग कर रहा है, जिसमें कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं। पूछताछ और कॉल डीटेल्स के आधार पर कई लोगों के बारे में पता चला है। सबकी जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस गैंग में शामिल सफेदपोशों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को इस मामले में पुख्ता सबूत मिले हैं। कुछ पुलिस वालों की संलिप्तता की बात सामने आई है। सबूत मिलने पर उन पुलिस वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।