Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Dhanteras Markets set for a windfall today; a festive buzz fills the city marketplaces

प्रयागराज : धनतेरस पर बाजारों में बरसेगा धन, 400 चारपहिया और 2000 दोपहिया वाहन बिकने की उम्मीद

Fri, 06 Nov 2026 02:24 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Fri, 06 Nov 2026 02:24 PM IST
सार

धनतेरस पर खरीदारी के लिए प्रयागराज के बाजार सजकर तैयार हैं। सराफा बाजार में चांदी के पुराने सिक्कों और बर्तनों की मांग बढ़ी है तो ई-दोपहिया वाहनों की बिक्री ने भी रफ्तार पकड़ ली है। हालात यह हैं कि शोरूम में स्टॉक खत्म हो गया है और ऑनलाइन बुकिंग पर भी एक माह बाद डिलीवरी मिल रही है। कारोबारियों को इस बार करीब 400 चारपहिया और 2000 दोपहिया वाहनों की बिक्री की उम्मीद है।

विज्ञापन
Dhanteras Markets set for a windfall today; a festive buzz fills the city marketplaces
सिविल लाइंस में धनतेरस के मौके पर उमड़ी भीड़। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।

विस्तार

धनतेरस से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को शहर के बाजारों में रौनक दिखी। सराफा बाजार के साथ इलेक्ट्रॉनिक और वाहन शोरूम में ग्राहकों की चहल-पहल रही। कोई सोने-चांदी के सिक्के और बर्तन खरीदने में जुटा रहा तो कोई नए वाहन और घरेलू उपकरणों की जानकारी लेता नजर आया। इस बार चांदी के पुराने सिक्कों और बर्तनों की चमक बढ़ी है तो दोपहिया ई-वाहनों की मांग ने भी रफ्तार पकड़ी है। हालात यह हैं कि दोपहिया ई-वाहनों का स्टॉक खत्म हो चुका है। ऑनलाइन बुकिंग पर भी एक माह बाद की डिलीवरी मिल रही है।
विज्ञापन


वहीं, बर्तन बाजार में पीतल-तांबे के पारंपरिक बर्तनों के साथ नए डिजाइन के कुकर और कढ़ाई ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। स्मार्ट टीवी और नए फीचर्स वाले फ्रिज भी पसंद बने हुए हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी पर दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए गिफ्ट ऑफर भी दे रहे हैं। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि धनतेरस पर करीब 400 चारपहिया और लगभग 2000 दोपहिया वाहन बिकने का अनुमान है।
विज्ञापन


चांदी के पुराने सिक्कों की बढ़ी चमक

इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह बताते हैं कि इस बार चांदी के पुराने सिक्कों की मांग अधिक है। इनमें ब्रिटिश शासनकाल के विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम के समय के सिक्के शामिल हैं। विक्टोरिया के पुराने सिक्के की कीमत करीब 3,000 रुपये और अन्य पुराने सिक्कों की कीमत 2700 रुपये तक है। वहीं, लक्ष्मी-गणेश की आकृति वाले 10 ग्राम के चांदी के सिक्के की कीमत 2,200 रुपये है। चांदी के बर्तनों के अलावा सोने के सिक्कों की भी मांग है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

पीतल-तांबे के बर्तनों में नए डिजाइन का आकर्षण

ठठेरी बाजार के बर्तन कारोबारी अनुराग केसरवानी कहते हैं कि दाम बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की दिलचस्पी पीतल और तांबे के बर्तनों में बनी हुई है। पिछले साल 850 रुपये किलो मिलने वाले पीतल के बर्तन इस बार करीब 1500 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। तांबे के बर्तनों की कीमत 1200 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये तक हो गई है। स्टील और एल्युमिनियम के बर्तनों के दाम में भी इजाफा हुआ है। एल्युमिनियम के बर्तनों की कीमत 250 रुपये से बढ़कर करीब 400 रुपये हो गई है। बाजार में पारंपरिक बर्तनों के साथ कई नए विकल्प भी आए हैं। इनमें तांबे की हांडी, पीतल का कुकर, तीन लेयर वाली कढ़ाई और तीन लेयर वाला कुकर खास आकर्षण हैं।

वॉयस कमांड से चलेगा स्मार्ट टीवी

धूमनगंज के इलेक्ट्रिकल्स कारोबारी सुमित चौरसिया ने बताया कि ग्राहक अब इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय कीमत के साथ नए फीचर्स और सुविधाओं को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। इस बार वॉयस कमांड वाली स्मार्ट टीवी आकर्षित कर रहा है। ग्राहकों को दो लाख रुपये तक का टीवी सबसे अधिक पसंद आ रहा है। वॉयस कमांड फीचर की मदद से ग्राहक ‘ओके गूगल’ बोलकर बिना रिमोट के टीवी को कमांड दे सकते हैं। हॉट एंड कोल्ड फ्रिज भी लोगों को आकर्षित कर रही है। इसकी कीमत करीब 24,500 रुपये है। वहीं, ऑटो डिफ्रॉस्ट फीचर वाला नया फ्रिज भी बाजार में आया है।

दोपहिया ई-वाहनों की मांग ने पकड़ी रफ्तार

बैरहना के ऑटोमोबाइल कारोबारी श्रीश मिश्रा बताते हैं कि धनतेरस पर इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों में खास उत्साह है। मांग इतनी अधिक है कि बाजार में दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों का स्टॉक खत्म हो चुका है। ऑनलाइन बुकिंग कराने पर भी ग्राहकों को करीब एक महीने बाद डिलीवरी मिल रही है। इलेक्ट्रिक वाहन की मांग इस बार पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है।

धनतेरस पर बुध-शुक्र का राशि परिवर्तन बनाएगा महाधन योग

इस वर्ष धनतेरस पर ग्रहों का विशेष संयोग बन रहा है। बुध और शुक्र के परस्पर राशि परिवर्तन से महाधन योग बनेगा। ज्योतिषाचार्य गुंजन वार्ष्णेय के अनुसार, बुध तुला और शुक्र कन्या राशि में विराजमान रहेंगे। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि छह नवंबर सुबह 11:07 बजे से शुरू होकर सात नवंबर सुबह 10:43 बजे तक रहेगी। प्रदोष काल के महत्व के कारण धनतेरस छह नवंबर को मनाई जाएगी। शुक्रवार और त्रयोदशी का संयोग भी इस पर्व को खास बना रहा है।

स्थायी संपत्ति खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त (स्थिर लग्न)
दोपहर 1:30 से 3:01 बजे तक

शाम 6:06 से रात 8:02 बजे तक
रात 12:34 से 2:48 बजे तक

वाहन खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त (चर लग्न)

- सुबह 11:43 से दोपहर 1:30 बजे तक
- शाम 4:29 से 6:06 बजे तक

- रात 10:16 से 12:34 बजे तक


रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त (द्विस्वभाव लग्न)
- सुबह 11:07 से 11:43 बजे तक

- दोपहर 3:01 से शाम 4:29 बजे तक
- रात 8:02 से 10:16 बजे तक

हस्त नक्षत्र और अमृत योग के संयोग में मनेगा धनतेरस

प्रयागराज। धन, वैभव और आरोग्य का पर्व धनतेरस इस वर्ष 6 नवंबर, शुक्रवार को हस्त नक्षत्र व अमृत योग के विशेष संयोग में मनाया जाएगा। ज्योतिषीय दृष्टि से यह संयोग अत्यंत शुभ और फलदायी माना जा रहा है। आचार्य डॉ. अमिताभ गौर के अनुसार शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी, ऐश्वर्य और वैभव का प्रतीक है, वहीं हस्त नक्षत्र का अर्थ हाथ से है। मान्यता है कि इस विशेष संयोग में माता लक्ष्मी भक्तों को धन-धान्य और सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं। अमृत योग में भगवान धन्वंतरि की पूजा करने से आरोग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाती है। धनतेरस पर चार मुख वाला दीपक जलाना शुभ होता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed