डिप्टी सीएम केशव बोले : मुगल आक्रांता औरंगजेब का महिमा मंडन देश नहीं करेगा बर्दाश्त, विपक्ष पर साधा निशाना
Nagpur Violence : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रयागराज पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव ने कहा कि महाराष्ट्र में जिन लोगों ने हिंसक कृत्य किया है उनके खिलाफ महाराष्ट्र की सरकार कार्रवाई कर रही है। केशव ने कहा कि मुगल आक्रांता औरंगजेब का महिमा मंडन यह देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
विस्तार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नागपुर में हुई हिंसा की घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव के मन में सचमुच छत्रपति शिवाजी के लिए सम्मान है तो उन्होंने अब तक औरंगजेब का महिमा मंडन करने वाले अबू आजमी अब तक समाजवादी पार्टी में क्यों हैं। अबू आजमी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना यह साफ करता है कि यह पार्टी अब भी घटिया और घिनौनी राजनीति में ही यकीन रखती है।
प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम ने संवाददाताओं से हुई बातचीत में कहा कि औरंगजेब व दूसरे मुगल आक्रमणकारियों का महिमा मंडन न महाराष्ट्र ने बर्दाश्त किया और ना ही यूपी बर्दाश्त करेगा। हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए महाराष्ट्र भी तैयार है और यूपी भी तैयार है। केशव ने कहा कि नागपुर में जो हिंसा हुई उसे लेकर महाराष्ट्र सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है। केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर भी लगातार सवाल उठाए थे। अखिलेश यादव ने अभी तक तुष्टिकरण की राजनीति नहीं छोड़ी है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा सहारनपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर शाकुंभरी देवी किए जाने के प्रस्ताव पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह पहले यह बताएं कि उनके फर्जी जनेऊधारी नेता राहुल गांधी महाकुंभ में क्यों नहीं आए। भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने पर केशव ने कहा कि संगठन में रहा फेरबदल भाजपा को वर्ष 2027 में बड़ी कामयाबी दिलाएगा।
कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों से सर्किट हाउस में की मुलाकात
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज आगमन पर जोरदार स्वागत हुआ। पहले एयरपोर्ट एवं उसके बाद सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। महानगर अध्यक्ष अध्यक्ष संजय गुप्ता , गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान एवं यमुना पार अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम के ऊपर पुष्प वर्षा की।
सर्किट हाउस में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ तीनों अध्यक्षों को बधाई दी।
कहा कि अब जिला पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः एक बार कमल खिलाकर प्रयागराज के सभी 12 विधानसभा में सपा, बसपा, कांग्रेस का सफाया करना है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को जनता के साथ धोखा बताया। कहा कि सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष वी के सिंह, शैलेश पांडे, सुबोध सिंह, कुंज बिहारी मिश्रा,राजेश केसरवानी, दिलीप चतुर्वेदी, आशीष गुप्ता, विवेक मिश्रा, विशाल अग्रवाल, चंद्रा अहलूवालिया, आनंद दुबे आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.