इविवि छात्रसंघ बहाली की मांग: राज्यपाल आनंदी बेन ने कुलपति को भेजा पत्र
- आंदोलनकारी छात्रों की शिकायत को राज्यपाल ने लिया संज्ञान
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाल किए जाने की मांग राजभवन तक पहुंच गई है। छात्रों की शिकायत के बाद इविवि की रेक्टर एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव को पत्र भेजकर कार्रवाई करने को कहा है। इविवि के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रतन लाल हांगलू ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों का हवाला देते हुए 2018 में छात्रसंघ चुनाव पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसकी जगह छात्र परिषद लागू किया गया लेकिन छात्रों ने इसे स्वीकार नहीं किया। इस फैसले के खिलाफ छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया।
इस मसले पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। छात्रसंघ बहाली को लेकर अजय यादव के नेतृत्व में 323 दिन से सांकेतिक अनशन जारी है। मामले की शिकायत अजय यादव ने राज्यपाल से की। इसके अलावा उन्होंने कोरोना सत्र की फीस माफ करने, विश्वविद्यालय तथा छात्रावासों को खोले जाने और अध्यापन और परीक्षा में सामंजस्य स्थापित करने की मांग उठाई। इस पर राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल जानी ने कुलपति को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। छात्रों का अनशन बुधवार को भी जारी रहा।