Crime News : जेल से छूटे हत्यारोपी के गैंग ने पुरामुफ्ती में पुलिस टीम पर किया था बम से हमला
मोबइल लूटकर भागते वक्त 20 जुलाई को मंदर मोड़ के पास बदमाशों ने रोकने पर पुलिस टीम पर बम से हमला किया था। इसमें स्थानीय निवासी इंतखाब जख्मी हो गया था।
विस्तार
पूरामुफ्ती में पुलिस टीम पर बम से हमला जेल से छूटे कुख्यात अपराधी अजय दिवाकर ने अपने तीन साथियों संग मिलकर किया था। हत्या के दो मुकदमों में जेल जा चुके अजय समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। इनके कब्जे से चोरी, लूट के 13 मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद हुआ है।
मोबइल लूटकर भागते वक्त 20 जुलाई को मंदर मोड़ के पास बदमाशों ने रोकने पर पुलिस टीम पर बम से हमला किया था। इसमें स्थानीय निवासी इंतखाब जख्मी हो गया था। पुलिस ने बताया कि घटना में पोंगहट पुल का रहने वाला अपराधी अजय व उसके साथी अमनदीप निवासी मुंडेरा, विकास उर्फ आदित्य निवासी पोंगहट पुल और अजय कुमार पासी निवासी मुरादपुर पूरामुफ्ती शामिल हैं।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी की बाइक से लूट व छिनैती की वारदातें करते हैं। पूरामुफ्ती में 20 जुलाई को हुई घटना के साथ ही 23 मई को विष्णापुरी कॉलोनी में वर्षा सिंह से चेन छीनने की बात भी उन्होंने कबूली है। अजय दिवाकर शातिर अपराधी है और उस पर हत्या के दो समेत कुल आठ व अमनदीप पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि हिस्ट्रीशीट खोलकर आरोपियों पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।
चौक के सराफ समेत दो की तलाश
बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि वह लूटी गई चेन मनौरी निवासी सराफ दिलीप सोनी को बेच देते थे। वह चौक में आभूषण कारीगरी की दुकान चलाता है। उधर पूछताछ में बदमाशों ने अपने एक साथी करन का भी नाम बताया है। लूटे गए मोबाइल को बेचने का काम करन ही करता था।