Accident : कार की टक्कर से चचेरे भाइयों की मौत, साथी की हालत नाजुक, एक ही बाइक से जा रहे थे तीनों
फूलपुर में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे छात्रों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। मृतक दोनों छात्र आपस में चचेरे भाई थे। घटना से परिवार में मातम छा गया है।
विस्तार
कार की टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। फूलपुर से तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। दर्दनाक हादसे की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। सरायममरेज थाना क्षेत्र के नासिर पट्टी गांव के रहने वाले लवकुश (18) पुत्र लालजी, आकाश (20) पुत्र श्याम बहादुर एवं पड़ोस के रहने वाले राज (20) पुत्र फूलचंद तीनों बीए एवं आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं।
शुक्रवार को तीनों छात्र एक ही बाइक से बाबूगंज गए हुए थे। वहां से दोपहर करीब 12 बजे वह घर लौट रहे थे। जैसे ही फूलपुर -प्रतापपुर मार्ग पर बौड़़ई लंका गांव के सामने पहुंचे थे, कि सामने से आ रही तेज रफ्तार एक ब्रेजा कार ने अपाचे बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र लवकुश और आकाश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक सवार तीसरे छात्र राज की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना पाकर पहुंचे फूलपुर इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने घायल राज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया।घटना की जानकारी घर वालों को देने के बाद दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया है।
आपस में चचेरे भाई थे दोनों छात्र, दर्दनाक मौत से बिलख पड़ा परिवार
शुक्रवार दोपहर फूलपुर में फूलपुर में घटना का शिकार हुए दोनों छात्र आपस में चचेरे भाई थे। सड़क दुर्घटना में चचेरे भाइयों लवकुश व आकाश बीए एवं आईटीआई के छात्र थे। दोनों अपने पड़ोसी साथी राज के साथ बाइक से चले गए और वहां से घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। मृतक छात्र आकाश एक बहन व तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। मां मीना देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। दूसरा मृतक छात्र लवकुश भी तीन भाइयों दूसरे नंबर का था।